बिजनेस

हर 5 में से 2 भारतीय कर रहे क्रिप्टो में निवेश, लेकिन 68% को है अधूरी जानकारी

BitDelta India की रिपोर्ट के मुताबिक, 41% भारतीय फैमिली ऑफिस और अमीर निवेशकों ने क्रिप्टो में निवेश, पुरानी होल्डिंग या रिसर्च के जरिए दिलचस्पी दिखाई है। हालांकि, रेगुलेटरी अनिश्चितता अब भी बड़ी चिंता है।

Image

41% निवेशकों ने क्रिप्टो से जुड़ने की बात मानी (image source: Times Now Digital)

भारत में क्रिप्टोकरेंसी और दूसरे वर्चुअल डिजिटल एसेट्स (VDAs) को लेकर अमीर निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ रही है। BitDelta India की एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के हर पांच में से करीब दो फैमिली ऑफिस और अल्ट्रा हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स (UHNIs) किसी न किसी रूप में क्रिप्टो से जुड़ चुके हैं। हालांकि, निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ने के बावजूद इस सेक्टर को लेकर उनकी समझ अभी सीमित है।

41% निवेशकों ने क्रिप्टो से जुड़ने की बात मानी

पीटीआई/भाषा के मुताबिक 'India's VDA Inflection Point: Mapping the Path from Curiosity to Conviction' नाम से जारी इस रिपोर्ट में बताया गया है कि सर्वे में शामिल 41% अमीर निवेशकों ने डिजिटल एसेट्स के साथ किसी न किसी तरह का जुड़ाव रखा है। इसमें सीधे निवेश करने वाले, पहले क्रिप्टो होल्ड कर चुके लोग और इस सेक्टर को लेकर रिसर्च करने वाले निवेशक शामिल हैं। यह आंकड़ा बताता है कि क्रिप्टो अब केवल छोटे निवेशकों या आम लोगों तक सीमित नहीं है। बड़े निवेशक और फैमिली ऑफिस भी इस बाजार को समझने और इसमें संभावनाएं तलाशने लगे हैं।

68% निवेशकों को क्रिप्टो की सिर्फ बुनियादी जानकारी

रिपोर्ट में निवेशकों की जानकारी को लेकर एक अहम बात सामने आई है। सर्वे में शामिल 68% लोगों ने कहा कि उन्हें वर्चुअल डिजिटल एसेट्स की केवल बुनियादी समझ है। यानी क्रिप्टो में दिलचस्पी तो बढ़ रही है, लेकिन इसके तकनीकी पहलुओं और बाजार की कार्यप्रणाली को लेकर गहरी जानकारी अभी सीमित है। इससे पता चलता है कि निवेश का फैसला लेने से पहले निवेशकों को बेहतर जानकारी और भरोसेमंद सलाह की जरूरत है।

जानकारी के लिए सोशल मीडिया और दोस्तों पर भरोसा

क्रिप्टो से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए बड़े निवेशक भी काफी हद तक अनौपचारिक माध्यमों पर निर्भर हैं। रिपोर्ट के अनुसार, करीब 60% निवेशक डिजिटल एसेट्स से जुड़ी जानकारी के लिए अपने दोस्तों और कारोबारी संपर्कों यानी पीयर नेटवर्क पर भरोसा करते हैं। इतनी ही संख्या में लोग सोशल मीडिया से भी निवेश से जुड़े फैसलों के लिए जानकारी लेते हैं। इससे यह सवाल भी उठता है कि क्या निवेशक सोशल मीडिया और निजी संपर्कों से मिली जानकारी के आधार पर जोखिम भरे बाजार में सही फैसले ले पा रहे हैं।

रेगुलेटरी अनिश्चितता सबसे बड़ी चिंता

क्रिप्टो में बड़े निवेश की राह में सबसे बड़ी बाधा नियमों को लेकर अनिश्चितता है। रिपोर्ट में 59% निवेशकों ने नीतिगत और नियामकीय अस्पष्टता को अपनी प्रमुख चिंता बताया। निवेशक यह समझना चाहते हैं कि डिजिटल एसेट्स को लेकर भविष्य में नियम किस तरह के होंगे और उनका निवेश किस नियामकीय दायरे में आएगा।

निवेश को लेकर क्या है अमीरों का नजरिया?

रिपोर्ट के मुताबिक, 45% निवेशकों ने खुद को लॉन्ग टर्म निवेशक बताया। ये ऐसे निवेशक हैं जो लंबे समय तक निवेश बनाए रखने के साथ जरूरत पड़ने पर बाजार की स्थिति के अनुसार छोटे समय के लिए भी फैसले ले सकते हैं। वहीं, 48% निवेशकों ने कहा कि वे बाजार में तेज उतार-चढ़ाव के साथ सहज हैं या हर निवेश के जोखिम का अलग-अलग आकलन करते हैं। इससे संकेत मिलता है कि बड़े निवेशक क्रिप्टो बाजार के जोखिम को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं कर रहे हैं।

निवेशकों को बेहतर जानकारी की जरूरत

BitDelta India के CEO विकास एम. सचदेवा के मुताबिक, रिपोर्ट दिखाती है कि डिजिटल एसेट्स को लेकर दिलचस्पी मौजूद है, लेकिन निवेशकों की समझ को और बेहतर बनाने की जरूरत है। इसके लिए भरोसेमंद रिसर्च, निवेशकों की शिक्षा और जिम्मेदार बाजार गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है।

वहीं, Bharat Web3 Association के चेयरमैन दिलीप चेनॉय ने कहा कि फैमिली ऑफिस निवेश में बेहतर गवर्नेंस, जोखिम प्रबंधन और लंबे समय के मूल्य को प्राथमिकता देते हैं। उनके मुताबिक, इस सेक्टर को मजबूत बनाने के लिए निवेशकों, इंडस्ट्री और नीति निर्माताओं के बीच लगातार बातचीत जरूरी है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article