यूटिलिटी

बाइक टैक्सी को लेकर आई खुशखबरी, नितिन गडकरी ने ओला, उबर और रैपिडो पर कही बड़ी बात

यदि आप भी ओला-उबर और रैपिडो में अपनी निजी बाइक चलाकर कमाई करना चाहते हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। नितिन गडकरी ने राज्यों से निजी मोटरसाइकिलों को ओला, उबर और रैपिडो जैसे ऐप के जरिए बाइक टैक्सी के रूप में चलाने की अनुमति देने की अपील की है।

Image

Motor Vehicle Aggregator Guidelines 2025

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यों से निजी मोटरसाइकिलों को बाइक टैक्सी के रूप में चलाने की अनुमति देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ओला, उबर और रैपिडो जैसे ऐप आधारित एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म के जरिए निजी बाइक से यात्रियों को सवारी उपलब्ध कराने की सुविधा दी जानी चाहिए। इससे खासकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और लोगों को कम खर्च में सफर करने का विकल्प मिलेगा।

गडकरी ने राज्यों से क्या कहा?

PTI/भाषा के मुताबिक गडकरी ने बुधवार को 13वें राष्ट्रीय दिव्यांगता सम्मेलन (एनसीडी) को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने जुलाई में मोटर वाहन एग्रीगेटर दिशानिर्देश (MVAG) 2025 जारी किए थे। हालांकि, अब तक केवल राजस्थान ने इन्हें पूरी तरह लागू किया है। वहीं, हरियाणा और उत्तर प्रदेश ने इन दिशानिर्देशों को आंशिक रूप से अपनाया है।

गडकरी के मुताबिक, केवल तीन राज्यों ने निजी यानी गैर-परिवहन मोटरसाइकिलों को एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म के जरिए यात्रियों को सवारी देने की अनुमति दी है। उन्होंने कहा कि वह सभी राज्यों को इस व्यवस्था को अपनाने के लिए मनाने का प्रयास कर रहे हैं।

निजी बाइक से बाइक टैक्सी चलाने का क्या है नियम?

मोटर वाहन एग्रीगेटर दिशानिर्देश, 2025 के तहत राज्य सरकारों को यह अधिकार दिया गया है कि वे निजी मोटरसाइकिलों को ऐप आधारित एग्रीगेटर सेवाओं से जोड़ने की अनुमति दे सकें। यानी निजी बाइक का इस्तेमाल बाइक टैक्सी के तौर पर करने का फैसला राज्य सरकारों के अधिकार क्षेत्र में है। इसके लिए राज्यों को अपने स्तर पर नियम और अनुमति की व्यवस्था लागू करनी होगी।

यात्रियों को सस्ता सफर और युवाओं को रोजगार

इन दिशानिर्देशों का मकसद साझा परिवहन सेवाओं को बढ़ावा देना है। इसके तहत सुरक्षा और ड्राइवरों के कल्याण का ध्यान रखते हुए ऐसा नियामकीय ढांचा तैयार करने की बात कही गई है, जिसमें अनावश्यक सरकारी दखल कम हो।

इस व्यवस्था से यात्रियों को किफायती परिवहन सुविधा मिल सकती है। साथ ही, निजी बाइक मालिकों को कमाई का नया जरिया मिल सकता है। स्थानीय स्तर पर सामान की डिलीवरी और आपूर्ति सेवाओं में भी रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। मंत्रालय ने इससे पहले 2020 में मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 93 के तहत पहली बार एग्रीगेटर दिशानिर्देश जारी किए थे।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article