Viral Video: शादी-ब्याह का माहौल हो, सब दुल्हन और दूल्हे के जश्न में डूबे हों और अचानक आसमान से आफत बरस पड़े तो क्या होगा? अमूमन ऐसे मौकों पर भगदड़ मच जाती है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में हुए एक वेडिंग फंक्शन में जो हुआ, उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। दरअसल, सिडनी (न्यू साउथ वेल्स) में 3 अक्टूबर को एक शानदार शादी (Wedding Video) का आयोजन चल रहा था। मेहमान स्वादिष्ट खाने और संगीत का लुत्फ उठा रहे थे। तभी बाहर मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ गया और तेज ओलावृष्टि के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई।
वेन्यू पर बने पारदर्शी टेंट की छत पर देखते ही देखते भारी मात्रा में बर्फ के ओले और पानी जमा होने लगा। छत पानी के वजन को सहन नहीं कर पा रही थी और एक जगह पर बहुत नीचे की तरफ लटक गई। पानी का दबाव इतना ज्यादा था कि टेंट की छत किसी भी पल फट सकती थी और अंदर मौजूद सैकड़ों लोगों पर ओले और पानी का सैलाब गिर सकता था। मुसीबत सामने देख जहां कई लोग घबरा जाते, वहीं दूल्हे के दोस्तों और मेहमानों ने अपनी सूझबूझ दिखाई। सूट-बूट पहने कई मेहमानों ने तुरंत डाइनिंग टेबल की लकड़ी की कुर्सियों को उठाया। उन्होंने कुर्सियों के पायों को ऊपर की तरफ करके झुकी हुई छत के नीचे लगा दिया और अपनी पूरी ताकत से ऊपर की ओर धकेलना शुरू कर दिया। इस 'जुगाड़' की मदद से जमा हुआ पानी ढलान की तरफ बह गया और छत फटने से बच गई। जब पानी सुरक्षित रूप से बह गया, तो पूरे हॉल में तालियों और चीयर्स की गूंज सुनाई देने लगी। देखें वीडियो...
शादी में 'कुर्सी ऑपरेशन'
अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है और लोग इसे जमकर शेयर कर रहे हैं। इंस्टाग्राम पर वीडियो को accuweather नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को काफी संख्या में लोग अब तक देख चुके हैं। इतना ही नहीं वीडियो पर यूजर्स जमकर रिएक्शन भी दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि ऐसे दोस्तों का शादी में होना किसी वरदान से कम नहीं है। वहीं, एक अन्य यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि शादी का खाना ऐसे ही मुफ्त में नहीं मिलता, उसके लिए मेहनत भी करनी पड़ती है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
