कई बार ऐसा देखा गया है कि जंगली जानवर भोजन की तलाश में अक्सर जंगल से निकलकर रिहायशी इलाके में आ जाते हैं। सोशल मीडिया पर इस तरह के कई वीडियो वायरल होते रहते हैं। हाल में एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक तेंदुआ भटकते हुए एक शराब की दुकान में घुस जाता है और वह लिकर शॉप पर मौजूद सेल्समैन पर हमला कर देता है। इस खौफनाक हमले का वीडियो दुकान में लगे CCTV में रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
शराब की दुकान में घुसा तेंदुआ
जानकारी के मुताबिक, वायरल हो रहा यह वीडियो राजस्थान के टोंक जिले के टोडारायसिंह कस्बे का बताया जा रहा है। दरअसल, यहां सोमवार सुबह एक तेंदुआ अचानक शराब की दुकान में घुस गया और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि तेंदुआ अचानक दुकान के अंदर पहुंच जाता है। उसे देखते ही वहां मौजूद सेल्समैन घबरा जाता है और दुकान से निकलने की कोशिश करते लगता है। इसी दौरान तेंदुआ सेल्समैन संजय गुर्जर पर हमला कर देता है। वीडियो में आप तेंदुए को सेल्समैन पर झपटते हुए देख सकते हैं।तेंदुए ने तीन लोगों पर किया हमला
वायरल वीडियो (Viral Video) को लेकर मिली जानकारी के मुताबिक, तेंदुए ने सबसे पहले जंगल विभाग के स्वयंसेवक राकेश पर झाड़ियों के पास हमला किया था। इसके बाद वह करीब 400 मीटर तक दौड़ते हुए शराब की दुकान तक पहुंच गया। दुकान के बाहर उसने फतेह लाल कोली को भी घायल कर दिया और फिर अंदर घुसकर सेल्समैन पर हमला बोल दिया। हालांकि, इस मुश्किल समय में सेल्समैन संजय गुर्जर ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने किसी तरह तेंदुए को दुकान के अंदर ही बंद कर दिया। उनकी इस सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और आसपास मौजूद कई लोगों की जान बच गई।
तेंदुए का रेस्क्यू करने पहुंची वन विभाग की टीम
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जयपुर से एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया। करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तेंदुए को ट्रैंकुलाइजर का इंजेक्शन देकर बेहोश किया गया और सुरक्षित पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि तेंदुए की उम्र करीब चार से पांच साल है।डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
