ट्रेन में सफर के दौरान रेलवे की तरफ से यात्रियों को चादर, कंबल और तकिया जैसी सुविधाएं दी जाती हैं। इन्हें यात्रा खत्म होने के बाद वापस करना होता है लेकिन कुछ लोग इसे अपने साथ बैग में भरकर लिए चले जाते हैं। हाल में ही रेलवे ने एक आंकड़ा जारी किया था जिसमें बताया गया था कि लोगों ने करोड़ों रुपए के रेलवे की चादरें, तौलियां और अन्य चीजें चोरी कर लीं। हाल में एक ऐसा ही मामला इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक कपल रेलवे की चादरें अपने बैग में रखकर ले जाते हुए नजर आया। जब उन्हें पकड़ा गया तो महिला ने इस मामले को लेकर ऐसा जवाब दिया कि वीडियो वायरल हो गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
रेलवे की चादरें चुराते पकड़ा गया कपल
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि एक ट्रेन अटेंडेंट कपल के बैग की जांच करने को कहता है। महिला इस दौरान उससे बहस करती है। अटेंडेंट जब बैग खुलवाता है तो उसके अंदर रेलवे की पैक्ड चादरें दिखाई देती हैं। जब अटेंडेंट इस मामले को लेकर कपल से सवाल करता है और कहता आपलोग यहीं सब करते हैं, सबसे अंत में ट्रेन से इसी वजह से उतरते हैं। तब अटेंडेंट की बात सुनकर महिला उससे बहस करने लगती है।
पकड़े जाने पर महिला करने लगी बहस
वीडियो (Video) में महिला गोद में बच्चा लिए हुए दिखाई देती है। चादरें मिलने के बाद वह अटेंडेंट से बहस करते हुए दिखती है। महिला का कहना है कि उनसे TTE ने अतिरिक्त पैसे लिए थे, इसलिए उन्होंने चादरें अपने पास रख लीं। इस पर अटेंडेंट जवाब देता है कि रेलवे की चादर TTE की निजी संपत्ति नहीं है, फिर उसे ले जाने का क्या मतलब है? इसके बाद दोनों के बीच बहस और तेज हो जाती है। महिला बार-बार उससे बहस करती है और वीडियो ना बनाने को कहती है, जबकि अटेंडेंट चादरें वापस करने की बात करता नजर आता है।
वीडियो सोशल मीडिया पर खूब हो रहा वायरल
इस वीडियो (Video) को सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है। हमने इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर पोस्ट करने वाले @ShoneeKapoor नाम के यूजर से लिया है। जिसे अब तक हजारों लोगों ने देखा और सैकड़ों लोगों ने लाइक किया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोग कपल के व्यवहार पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि अगर किसी कर्मचारी ने गलत तरीके से पैसे लिए थे तो उसकी शिकायत की जा सकती थी, लेकिन रेलवे की संपत्ति अपने साथ ले जाना सही नहीं है। वहीं कुछ लोगों ने इसे 'चोरी और सीनाजोरी' का भी उदाहरण बताया। जबकि कुछ यूजर्स ने महिला के TTE पर लगाए गए अतिरिक्त पैसे लेने के आरोप की भी जांच की मांग की।
मालूम हो कि, रेलवे की चादरें और दूसरी बेडरोल सामग्री यात्रियों की सुविधा के लिए दी जाती हैं। इन्हें ट्रेन से बाहर ले जाना रेलवे के लिए नुकसान का कारण बन सकता है। रेलवे की संपत्ति से जुड़ी चोरी के मामलों में कानूनी कार्रवाई का प्रावधान भी है।
