वायरल न्यूज़

Parle-G ने ये क्‍या बना डाला ! इसे देख सोशल मीडिया पर मचा तहलका, हर कोई हुआ दीवाना...जरूर देखें Video

Why Parle-G Trending: सोशल मीडिया यूजर्स अचानक Parle-G के एक प्रयोग की खूब तारीफ करने लगे हैं। दावा किया जा रहा है कि, ये प्रस्तुति पारले-जी ने शिक्षक दिवस को ध्‍यान में रखकर तैयार की है।

Image

पारले जी की मार्मिक प्रस्‍तुति का दृश्‍य।

KEY HIGHLIGHTS
  • सोशल मीडिया पर Parle-G का नाम कर रहा ट्रेंड
  • यूजर्स को पसंद आया Parle-G का प्रयोग
  • शिक्षक दिवस पर Parle-G की शानदार प्रस्‍तुति

Parle-G Viral Ad: हमारे दैनिक जीवन में टीवी पर आने वाले विज्ञापनों का बहुत गहरा प्रभाव पड़ता है। कहा जाता है, फिल्‍म या विज्ञापन उस आईने की तरह हैं जो समाज को नई दिशा दिखाने का काम करते हैं। शायद इसी बात को ध्‍यान में रखकर बहुचर्चित Parle-G ब्रांड ने एक ऐसा टीवी विज्ञापन प्रसारित किया जिसे देखकर लोग तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। वैसे तो ये विज्ञापन मार्केटिंग प्रक्रिया का ही हिस्‍सा है, मगर आपके पसंदीदा बिस्किट ब्रांड ने इसमें इमोशन कूट-कूट कर डाले हैं। यही वजह है कि, इस विज्ञापन ने कुछ ही दिनों में लोगों के दिल और दिमाग पर अमिट छाप छोड़ी है। तकरीबन 3 मिनट 47 सेकंड के इस विज्ञापन में बच्चों और पेड़-पौधों के बीच के कनेक्शन को बखूबी दिखाया गया है। गौरतलब है कि, इस वीडियो की समय-सीमा ज्‍यादा है इसलिए संभवत: आप इसे टीवी पर न देख पाएं मगर सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म्स पर ये वीडियो खूब ट्रेंड कर रहा है।

Parle-G के विज्ञापन में क्‍या है

इस विज्ञापन में आप देख सकते हैं- स्कूल की एक महिला हेड मास्टर (जो कि गणित की टीचर हैं) 1995 के अपने सबसे पहले बैच की यादों को एक ‘गार्डन’ के तौर पर संभाल कर रखती हैं। हुआ कुछ यूं कि, जब उनका पढ़ाया हुआ पहला बैच पास हुआ तो सभी बच्चों ने उनको एक-एक पौधा गिफ्ट दिया। अब उनके रिटायरमेंट को केवल 24 घंटे बचे हैं। 2025 बैच की एक स्‍टूडेंट (जो कि टेनिस प्‍लेयर है) के साथ वो कुछ बातचीत कर रही होती हैं। तभी वो बच्ची स्‍कूल कैंपस में बने गार्डन में उनके साथ जाती है और पेड़ों के बारे में पूछती है तो इमोशनल होकर हेड मास्‍टर उसे पूरी सच्‍चाई बताती हैं और कौन सा पेड़ किस स्‍टूडेंट ने गिफ्ट किया ये भी बताती हैं। Parle-G खा रही वो स्‍टूडेंट अपनी हेड मास्‍टर को इमोशनल देख सोच में पड़ जाती है। तभी उसे याद आता है कि, अगले ही दिन मैम का रिटायरमेंट है। अगले दिन वो 1995 बैच के बच्चों को वापस बुलाकर मैम को सरप्राइज़ दे देती है। अब आपने इतना जान ही लिया तो एक बार वीडियो भी देख लीजिए:

कई भाषाओं में रिलीज हुआ वीडियो

Parle ने इस 29 अगस्त को अपने यूट्यूब चैनल पर इस विज्ञापन को रिलीज किया था। दावा किया जा रहा है कि, शिक्षक दिवस को ध्यान में रखकर ये विज्ञापन बनाया गया है। इसे हिंदी, कन्नड़, मलयालम, तमिल और तेलुगु भाषा में अनुवादित भी किया गया है। 3 मिनट 47 सेकंड के इस विज्ञापन के रूप में यूजर्स को सोशल मीडिया पर बेहद मार्मिक चीज मिली जिसकी चर्चा ने अब जोर पकड़ लिया है।

Parle-G ने जीते कई यूजर्स के दिल

  • सोशल मीडिया मंच एक्‍स पर राज्‍यसभा के सांसद सतनाम सिंह संधू ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि, 'पेड़ बच्चों का रूप होते हैं? यह Parle G के Ad में देखिए बच्चों का अपने गुरु से ख़ास सम्बंध। टीचर का अपने शिष्यों की तरफ़ ऐसा लगाव! भारत की संस्कृति में माता पिता के बाद सबसे बड़ा गुरुओं का दर्जा होता है। ये वीडियो देखकर मुझे मेरे गुरू और टीचर याद आ गये जिन्होंने मुझे जीवन की कठिनाइयों से लड़ने के लिए सक्षम बनाया और सफलता की ओर मार्गदर्शन किया।'
  • दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'वाकई दिल को छू लेने वाला वीडियो! ये सिर्फ पारले जी का विज्ञापन नहीं है, बल्कि पेड़ लगाने के महत्व के बारे में एक शक्तिशाली संदेश है. इस सार्थक कॉन्टेंट को बनाने के लिए मुंबई की रेणु करवा-सोमानी को बधाई।'
  • तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'पारले जी का बढ़िया विज्ञापन. इसे देखने के बाद अपने स्कूल या कॉलेज के शिक्षक के बारे में न सोचना बहुत मुश्किल है!'
  • चौथे यूजर ने लिखा कि, 'दिल को छू लेने वाला वीडियो! ये सिर्फ पारले जी का ऐड नहीं है- ये इस बात की याद दिलाता है कि पेड़ लगाना इतना जरूरी क्यों है. मुंबई की रेणु करवा-सोमानी को इतना सार्थक वीडियो बनाने के लिए धन्यवाद, जो दिखाता है कि कैसे हर पेड़ हमारे ग्रह की मदद करता है. बहुत बढ़िया काम!'

बता दें कि, यह पहली बार नहीं जब किसी ब्रांड का कोई वीडियो इतना चर्चा में आया है। इससे पहले भी कई ब्रांड्स ने मार्केटिंग के लिए ऐसे मार्मिक विज्ञापन बनाए हैं। कभी कोई वाशिंग पाउडर तो कभी ज्‍वैलरी ब्रांड...कमोबेश हर ब्रांड अपने विज्ञापनों को इमोशनल टच देकर उसे मार्मिक बनाता है।

(डिस्‍क्‍लेमर: टाइम्‍स नाउ नवभारत इस खबर के माध्‍यम से किसी भी ब्रांड/प्रोडक्‍ट/उत्‍पाद/कंपनी का प्रचार नहीं करता है।)

Shaswat Gupta
शाश्वत गुप्ताauthor

पत्रकारिता जगत में पांच साल पूरे होने जा रहे हैं। वर्ष 2018-20 में जागरण इंस्‍टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्‍युनिकेशन से Advance PG डिप्लोमा करने के बाद मीडिया जगत में दस्तक दी। 2019 में दैनिक जागरण से पत्रकारीय जीवन का आरंभ हुआ। इसके बाद जागरण न्‍यू मीडिया, दैनिक भास्‍कर और इंडिया टीवी में सेवाएं दीं। अप्रैल 2023 से टाइम्‍स नाउ नवभारत (https://www.timesnowhindi.com/) के साथ यह सफर अनवरत‍ जारी है। परंपरागत मीडिया से प्रारंभ हुआ करियर अब आधुनिक यानी डिजिटल मीडिया तक पहुंच चुका है। ग्राउंड रिपोर्टिंग से शुरू हुई यह यात्रा लोकल/हाइपरलोकल डेस्‍क, प्रादेशिक डेस्‍क, सोशल मीडिया डेस्‍क, नेशनल डेस्‍क से अब वायरल डेस्‍क तक पहुंच चुकी है। करीब साढ़े चार साल के इस करियर में अविस्‍मरणीय अनुभव रहे हैं। दैनिक जागरण में पहली पारी के दौरान बिकरू कांड जैसी बड़ी और ज्‍वलन्‍त घटना की कवरेज करने का अवसर मिला। प्रिंट मीडिया और डिजिटल मीडिया दोनों ही मंचों पर बेहतरीन ढंग से खबर का प्रस्‍तुतिकरण किया। प्रिंट मीडिया की प्रादेशिक डेस्‍क पर कार्य करते हुए कानपुर सिटी, कानपुर देहात, इटावा, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, औरैया, जालौन, उन्‍नाव, फर्रुखाबाद और कन्‍नौज संस्‍करण की जिम्‍मेदारी संभाली। इन सभी डेस्‍क का कार्य निष्‍पादित करते हुए हर ब्रेकिंग खबर का प्रिंट व डिजिटल दोनों माध्‍यमों में बेहतरीन प्रस्‍तुतिकरण किया। तत्‍पश्‍चात् जागरण न्‍यू मीडिया के हाइपरलोकल सेक्‍शन की लॉन्चिंग में यूपी टीम के सक्रिय सदस्‍य रहे। 2019 से लेकर 2022 तक कोरोना की तीनों लहरों की कवरेज की। इस दौरान लॉकडाउन और ऑक्‍सीजन संकट से ऊपजे हालात पर कई स्‍टोरीज कीं। उत्‍तर प्रदेश पंचायत चुनाव 2021 में अलग-अलग दिनों में होने वाली अलग-अलग स्‍थानों की वोटिंग, काउंटिंग और रिजल्‍ट से जुड़ी खबरों को पाठकों तक बखूबी पहुंचाया। इस दौरान खबरों की प्‍लानिंग, लाइव ब्‍लॉग लाइव करने के साथ मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर मिला। 2021 में माफिया मुख्‍तार अंसारी की बांदा जेल में वापसी पर भी प्रतिद्वंद्वियों से बेहतर कवरेज की। ढाई साल में उत्‍तर प्रदेश के अंदर हुई इस उथल-पुथल के बाद कन्‍नौज के पियूष जैन कांड की खबर को ब्रेक किया। इस केस में रेग्‍युलर कवरेज करने के अलावा कई एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरीज करने का मौका भी मिला। तत्‍पश्‍चात् कानपुर मेट्रो से जुड़े कार्यों की कवरेज कर औपचारिक तौर पर पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दौरे और प्रथम कॉरिडोर के उद्घाटन की कवरेज करने के साक्षी रहे। उतार-चढ़ाव से भरा डिजिटल मीडिया का यह पहला अनुभव काफी शानदार रहा और बेहतरीन कवरेज से यूपी टीम में कानपुर सेक्‍शन को दूसरा सर्वाधिक Pageviews वाला सेक्‍शन बनाने में योगदान दिया। दैनिक भास्‍कर (DB Digital) के साथ उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भगवा लहर के साक्षी रहे। डिजिटल मीडिया के दूसरे पड़ाव में प्रदेश की चुनावी सरगर्मी को भांपने का अवसर मिला। इसके साथ-साथ उत्‍तर प्रदेश की सैकड़ों तहसील, ब्‍लॉक व गांव इत्‍यादि की दैनिक खबरों का नियोजन कर उन्‍हें फ्लैश करने की जिम्‍मेदारी का निर्वाह किया। दूसरे पड़ाव में उत्‍तर प्रदेश के ग्रामीण परिवेश को खबरों के लिहाज से करीने से समझा और स्‍थानीय क्षेत्रों की समस्याओं को बड़े स्‍तर तक पहुंचाने का काम किया। विधानसभा चुनाव की छोटी-बड़ी खबरों को ब्रेक करने के साथ-साथ ऑब्‍जर्वेशन आधारित मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर भी मिला।इंडिया टीवी में समाचार लेखन और प्रस्‍तुतिकरण का एक नया अनुभव प्राप्‍त करने का सौभाग्‍य मिला। यू-ट्यूब की दुनिया में खबरों के महत्‍व, लेखन और प्रासंगिकता को समझने का अवसर मिला। जिसके बाद पंजाबी गायक स‍िद्धू मूसेवाला मर्डर केस और महाराष्‍ट्र के सियासी संकट की खबर को ब्रेक किया। यूपी में निर्माणाधीन एक्‍सप्रेस-वे पर वीडियो पैकेज बनाकर दर्शकों के सम्‍मुख यूट्यूब ओरिएंटेड एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरी पेश की। राजू श्रीवास्‍तव-मुलायम सिंह यादव का निधन, श्रद्धा वाल्‍कर मर्डर केस, जोशीमठ की प्राकृतिक आपदा और द्रौपदी मुर्मू के राष्‍ट्रपति बनने के सफर पर कई वीडियो और उनकी LIVE स्‍ट्रीमिंग करने का मौका मिला। इनके अलावा साल 2022 में हुए गुजरात और हिमाचल प्रदेश के व‍िधानसभा चुनाव एवं दिल्‍ली एमसीडी चुनाव से जुड़े वीडियो पर खबरों की कवरेज (यू-ट्यूब पर), लाइव स्‍ट्रीमिंग की। चैनल के शो 'आप की अदालत' की री-लॉन्चिंग पर टीम के साथ को-ऑर्डिनेशन से लाइव स्‍ट्रीमिंग और वीडियो पैकेजिंग का अनुभव प्राप्‍त किया। इसके बाद माफिया अतीक अहमद की साबरमती जेल से वापसी और उसके बेटे के एनकाउंटर पर आधारित वीडियोज़ को बेहतरीन इमेज-कंटेंट क्रिएशन के साथ पब्लिश किया। कोई भी खबर न रुके, न छूटे, न चूके...इसी उद्देश्‍य के साथ विविधता से परिपूर्ण इस यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।

और पढ़ें
End of Article