यात्रा

मानसून में जिम कॉर्बेट जा रहे हैं? भूलकर भी न करें ये गलतियां, वरना किरकिरा हो सकता है मजा

Jim Corbett Travel Tips: ठंडी हवाओं और बारिश की फुहारों के साथ मानसून में घूमने का अलग ही मजा आता है। अगर आप मानसून में जिम कॉर्बेट जा रहे हैं तो भूलकर भी ये 5 गलतियां न करें।

Image

जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क (फोटो: canva)

Jim Corbett Travel Tips: मानसून के मौसम में अगर आप उत्तराखंड के मशहूर जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क जाने का प्लान कर रहे हैं तो ये लेख आपके लिए ही है। यात्रा से पहले कुछ बातों का खास ध्यान रखना बेहद जरूरी है वरना हो सकता है कि आपका सारा मजा किरकिरा हो जाए। बारिश के दौरान छोटी-सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। ऐसे में भूलकर भी बिना तैयारी के ट्रिप प्लान न करें। आइए जानते हैं कि मानसून में जिम कॉर्बेट जाते समय हमें किन गलतियों से बचना चाहिए ताकि हमारी यात्रा सुखद और रोमांचक हो सके।

1-बिना सफारी जोन की जानकारी लिए ट्रिप प्लान न करें

सबसे बड़ी गलती जो लोग करते हैं वो यह है कि बिना सफारी जोन की जानकारी लिए ट्रिप प्लान कर लेते हैं। बिना जानकारी के सफारी बुक करना आपकी ट्रिप को खराब कर सकता है क्योंकि मानसून के दौरान जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के कई कोर जोन सुरक्षा कारणों से बंद कर दिए जाते हैं। किस जोन में सफारी की अनुमति है, कौन-कौन से जोन खुले हैं ऐसे कुछ सवाल हैं जिनका जवाब यात्रा से पहले आपके पास होना ही चाहिए। अगर आप पहले से ऑनलाइन बुकिंग कराते हैं तो इस बात की संभावना है कि आपको अपनी पसंद का स्लॉट मिल जाए।

2- नजरअंदाज न करें मौसम का अपडेट

मानसून के समय उत्तराखंड के कई इलाकों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं ऐसे में मौसम का अपडेट नजरअंदाज न करें। यात्रा से एक-दो दिन पहले और निकलने से ठीक पहले मौसम का ताजा अपडेट जरूर चेक करें। भारी बारिश की चेतावनी हो तो ट्रिप कैंसिल कर दें।

3- सही कपड़े और जरूरी सामान रखें साथ

बारिश के मौसम में सिर्फ छाता लेकर निकल जाना काफी नहीं होता। जंगल में ट्रैकिंग या सफारी के दौरान ज्यादा तैयारी की जरूरत होती है। बारिश के दौरान भी आपकी यात्रा आरामदायक बन सके इसके लिए रेनकोट, वाटरप्रूफ जैकेट, अतिरिक्त कपड़े, मजबूत ग्रिप वाले जूते, मच्छर भगाने वाली क्रीम, टॉर्च और मोबाइल अपने साथ जरूर रखें।

4- जंगल के नियमों को हल्के में न लें

मजे के चक्कर में जंगल के नियमों को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है। जानवरों के करीब जाने, तेज आवाज करने या गाड़ी से उतरने जैसी गलतियां भूलकर भी न करें। अगर आप फोटोग्राफी के चक्कर में ऐसा करते हैं तो जान लें कि इसे नियमों का उल्लंघन माना जाता है और ऐसे में आपपर कार्रवाई भी हो सकती है। सफारी के दौरान गाइड और वन विभाग के निर्देशों का पालन करें।

5- सिर्फ टाइगर देखने की उम्मीद लेकर न जाएं

जिम कॉर्बेट अगर आप सिर्फ टाइगर देखने की उम्मीद में जा रहे हैं तो संभावना है कि आपके हाथ निराशा लगे। मानसून में घनी हरियाली और बारिश की वजह से वन्यजीवों को देख पाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। टाइगर न भी दिखे, तो भी जंगल का खूबसूरत नजारा, पक्षियों की आवाज, बहती नदियां और प्राकृतिक वातावरण का लुत्फ उठाएं।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article