नेपाल की सड़कों पर पिछले कुछ दिनों से लगातार हिंसक प्रदर्शन जारी है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक प्रदर्शनकारी टियर गैस के बम को हवा में ही कैच कर लेता है और उसे उसी सुरक्षा बलों की ओर वापस फेंक देता है जिन्होंने उसे दागा था। इस वीडियो को देखने के बाद लोगों का मानना है कि नेपाल में प्रदर्शनकारियों के मन से डर पूरी तरह खत्म हो चुका है।
स्मोक ग्रेनेड्स को उठाकर प्रदर्शनकारियों ने फेंका
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो काठमांडू के बानेश्वर इलाके का बताया जा रहा है, जहां आप देख सकते हैं कि एक युवा प्रदर्शनकारी हवा में उड़ते हुए टियर गैस के बम को पकड़ता है और बिना किसी हिचकिचाहट के उसे सुरक्षा बलों की ओर फेंक देता है। बम फेंकने के बाद वह प्रदर्शनकारी डांस करते हुए अपनी वीरता का जश्न मनाता है। पीछे खड़ा एक अन्य प्रदर्शनकारी उसे शाबाशी देने के लिए उसके पास आता है और उसकी पीठ थपथपाता है।
Gen Z का लेवल ही अलग है
इस तरह के कुछ और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जहां प्रदर्शनकारियों को सुरक्षा बलों द्वारा फेंके गए स्मोक ग्रेनेड को वापस उनकी तरफ ही फेंकते हुए देखा जा सकता है। एक अन्य वीडियो में देखा जा सकता है कि एक प्रदर्शनकारी सड़क पर पड़े जल रहे स्मोक ग्रेनेड को उठाता है और वापस सुरक्षा बलों की ओर ही फेंक देता है। वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि "नेपाल पुलिस ने स्मोक ग्रेनेड फेंका, लेकिन एक लड़के ने उसे हवा में ही पकड़ लिया और वापस उनकी ओर ही फेंक दिया। Gen Z का लेवल ही अलग है।"
वीडियो सोशल मीडिया पर खूब हो रहे वायरल
इन वीडियोज़ को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @hands.team.heroes और @m_r_indian_editor नाम के अकाउंट्स के शेयर किया गया है। इन वीडियोज़ को लोग धड़ल्ले से शेयर कर रहे हैं। वहीं इन वीडियोज़ पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी आ चुके हैं, जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "BGMI प्लेयर रियल लाइफ में स्मोक करते हुए।" दूसरे ने लिखा, "बांग्लादेश क्या कहता था? आज नेपाल बोलता है, 'क्या है बे तू?'"
