क्रिकेट

महाकाल की शरण में खेल जगत की हस्तियां: कुलदीप यादव-तिलक वर्मा और विवेक प्रसाद ने किए भस्म आरती के दर्शन

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी कुलदीप यादव और तिलक वर्मा के साथ-साथ प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी विवेक प्रसाद ने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर जी के दर्शन किए। साथ ही प्रातःकालीन भस्म आरती में भाग लिया और बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Image

कुलदीप यादव और तिलक वर्मा पहुंचे उज्जैन।

Photo : ANI

उज्जैन: उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को खेल जगत के कई दिग्गज सितारे पहुंचे। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी कुलदीप यादव और तिलक वर्मा के साथ-साथ प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी विवेक प्रसाद ने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर जी की अलौकिक प्रातःकालीन भस्म आरती में भाग लिया और बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।

आरती के दौरान इन खिलाड़ियों ने नंदी हॉल में बैठकर भगवान शिव की आराधना की और पूरा समय भक्तिमय माहौल में व्यतीत किया। मंदिर समिति की ओर से भी खिलाड़ियों का स्वागत और सम्मान किया गया। भस्म आरती के दर्शन कर सभी खिलाड़ी अभिभूत नजर आए और उन्होंने इसे अपने लिए एक अत्यंत अलौकिक व ऊर्जावान अनुभव बताया।

तीसरे टी20 में जीता भारत

कुलदीप यादव और तिलक वर्मा तीसरे टी20 मैच के बाद महाकाल पहुंचे। इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबला खेला गया। टीम इंडिया ने 200 से ज्यादा का स्कोर किया और डिफेंड किया। भारत और वेस्टइंडीज के बीच मौजूदा सीरीज में पहली बार 200 से ज्यादा का स्कोर डिफेंड किया गया।

कुलदीप को नहीं मिली जगह

इंदौर में पहले खेलते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 223 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 69 रन की पारी खेली। तीसरे टी20 मुकाबले के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने दो बदलाव किए। शिवम दुबे और कुलदीप यादव की जगह नितीश कुमार रेड्डी और प्रिंस यादव को प्लेइंग इलेवन में जगह दी। बल्ले से नितीश कुछ खास नहीं कर पाए और 14 गेंद पर 21 रन बनाकर आउट हुए।

14 रन से हारा वेस्टइंडीज

लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने भी 200 का आंकड़ा पार किया लेकिन 14 रन से पीछे रह गए। कामिल पूरन ने 42 और शिमरन हेटमायर ने 42 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने तीन और नमन धीर ने दो विकेट चटकाए। भारत ने पांच मैच की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article