वायरल न्यूज़

Social Media का दिल जीत ले गया यह पेंग्विन कपल, समुद्र किनारे एक-दूसरे का हाथ थामे दिखे, Video Viral

दक्षिण अफ्रीका के बाउल्डर्स बीच पर एक-दूसरे का फ्लिपर थामकर चलते दो पेंग्विन का प्यारा वीडियो वायरल हो रहा है। इस मासूम नजारे ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है।

Image

समुद्र किनारे हाथ थामकर चलते दो पेंग्विन (X/@Rainmaker1973)

सोशल मीडिया (Social Media) पर जानवरों के कई वीडियो सामने आते हैं, लेकिन कुछ वीडियो ऐसे होते हैं, जिन्हें देखकर चेहरे पर अपने आप मुस्कान आ जाती है। इन दिनों दो छोटे पेंग्विन का ऐसा ही प्यारा वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है। वीडियो में दोनों पेंग्विन दक्षिण अफ्रीका के एक समुद्र तट पर एक-दूसरे के फ्लिपर यानी हाथ जैसे पंख को थामकर धीरे-धीरे चलते दिखाई दे रहे हैं। इनका अंदाज इतना प्यारा है कि लोग इन्हें देखकर प्यार की मिसाल देने लगे। इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @Rainmaker1973 ने भी शेयर किया है।

कहां का है यह प्यारा वीडियो?

मिली जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो (Video) साल 2018 का है। इसे नोर्मा लैंडेरोस-रामिरेज ने दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन के पास स्थित बाउल्डर्स बीच पर रिकॉर्ड किया था। वह अपने पति के साथ हनीमून पर गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर दो पेंग्विन पर पड़ी, जो पानी से निकलकर रेत पर साथ-साथ चल रहे थे। दोनों पेंग्विन के चलने का अंदाज इतना अनोखा था कि नोर्मा ने तुरंत अपने मोबाइल में इस पल को रिकॉर्ड कर लिया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब कई साल बाद भी लोग इसे देखकर उतने ही खुश होते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

एक-दूसरे का फ्लिपर थामे दिखे दोनों

वायरल वीडियो (Viral Video) में दोनों पेंग्विन समुद्र तट पर धीरे-धीरे आगे बढ़ते नजर आते हैं। दोनों के फ्लिपर एक-दूसरे के करीब हैं, जिससे ऐसा लगता है मानो वे हाथ पकड़कर टहल रहे हों। यही छोटी-सी बात इस वीडियो को बेहद खास बना देती है। वीडियो देखने वाले कई लोग इसे प्यार की मासूम तस्वीर बता रहे हैं। कुछ लोग मजाक में कह रहे हैं कि ये पेंग्विन तो इंसानों को भी रिश्ते निभाना सिखा रहे हैं। हालांकि, पेंग्विन के इस व्यवहार को इंसानों की तरह हाथ पकड़ने या प्यार जताने का पक्का सबूत नहीं माना जा सकता।

अफ्रीकी पेंग्विन की खास बात

बाउल्डर्स बीच अफ्रीकी पेंग्विन को देखने के लिए मशहूर जगह है। यहां बड़ी संख्या में ये पेंग्विन रहते हैं। अफ्रीकी पेंग्विन अपने खास अंदाज और आवाज के लिए भी जाने जाते हैं। इनकी आवाज कुछ हद तक गधे की आवाज जैसी सुनाई देती है, इसलिए इन्हें जैकअस पेंग्विन भी कहा जाता है। इस प्रजाति के पेंग्विन आमतौर पर अपने साथी के साथ मिलकर घोंसले और बच्चों की देखभाल करते हैं। कई जोड़े लंबे समय तक साथ भी रहते हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article