वायरल न्यूज़

भारत का अनोखा रेलवे स्टेशन, यहां 4 भाषाओं में होती है ट्रेन की अनाउंसमेंट

Unique Railway Station India: नवापुर रेलवे स्टेशन भारत का एक अनोखा स्टेशन है, जो महाराष्ट्र और गुजरात की सीमा पर स्थित है। यहां ट्रेनों की अनाउंसमेंट हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती और मराठी इन चार भाषाओं में की जाती है। स्टेशन का कुछ हिस्सा महाराष्ट्र में और कुछ हिस्सा गुजरात में होने की वजह से यह जगह लोगों के लिए काफी दिलचस्प बन जाती है।

Image

Indian Railways Facts: महाराष्ट्र–गुजरात बॉर्डर पर बना खास स्टेशन (Photo: iStock)

Indian Railways Facts: भारत में रेलवे स्टेशनों की अपनी-अपनी खासियत होती है। कुछ स्टेशन अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर हैं, तो कुछ अपने अनोखे इतिहास के लिए जाने जाते हैं। ऐसा ही एक दिलचस्प रेलवे स्टेशन है नवापुर रेलवे स्टेशन (Navapur Railway Station), जो अपनी खास व्यवस्था की वजह से लोगों का ध्यान खींचता है। इस स्टेशन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां ट्रेनों की घोषणा एक या दो नहीं, बल्कि चार अलग-अलग भाषाओं में की जाती है। नवापुर रेलवे स्टेशन (Interesting Railway Stations) का कोड NWU है। यह स्टेशन महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में स्थित है, लेकिन इसकी एक खास बात यह है कि इसका कुछ हिस्सा गुजरात राज्य की सीमा में भी आता है।

प्लेटफॉर्म पर खींची गई एक सफेद लाइन

यानी यह स्टेशन दो राज्यों के बीच बसा हुआ है। इसी वजह से यहां आने-जाने वाले यात्रियों की भाषा अलग-अलग होती है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां ट्रेनों की अनाउंसमेंट चार भाषाओं में की जाती है। ये चार भाषाएं हैं हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती और मराठी। इससे महाराष्ट्र और गुजरात दोनों राज्यों से आने वाले यात्रियों को ट्रेन से जुड़ी जानकारी आसानी से समझ में आ जाती है। स्टेशन पर लगे बोर्ड और सूचना पट भी इन चारों भाषाओं में लिखे होते हैं। इस स्टेशन की एक और रोचक बात यह है कि यहां प्लेटफॉर्म पर एक सफेद लाइन खींची गई है, जो दोनों राज्यों की सीमा को दिखाती है। यानी अगर कोई व्यक्ति उस लाइन के एक तरफ खड़ा है, तो वह महाराष्ट्र में है और दूसरी तरफ खड़ा होने पर गुजरात में पहुंच जाता है।

स्टेशन मास्टर का दफ्तर गुजरात की तरफ

यही वजह है कि यह स्टेशन लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र भी बना रहता है। स्टेशन से जुड़ी कुछ और दिलचस्प बातें भी हैं। यहां टिकट काउंटर और रेलवे पुलिस स्टेशन महाराष्ट्र की तरफ स्थित हैं, जबकि स्टेशन मास्टर का दफ्तर गुजरात की तरफ पड़ता है। इसके अलावा गुजरात एक ड्राई स्टेट माना जाता है, जहां शराब पर प्रतिबंध है, जबकि महाराष्ट्र में ऐसा नियम नहीं है। इसलिए स्टेशन के दोनों हिस्सों में नियमों में भी थोड़ा फर्क देखने को मिलता है। नवापुर रेलवे स्टेशन का निर्माण उस समय हुआ था जब राज्यों की सीमाएं अलग तरह से तय थीं। बाद में जब महाराष्ट्र और गुजरात अलग-अलग राज्य बने, तो यह स्टेशन दोनों के बीच बंट गया। इसी कारण यह स्टेशन आज भी अपने अनोखे स्थान और चार भाषाओं में होने वाली घोषणाओं के लिए पूरे देश में जाना जाता है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article