Rahul Gandhi High Tea Party: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को विपक्षी इंडी ब्लॉक के सांसदों, सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों और छात्र संगठनों को अपने आवास पर हाई-टी के लिए आमंत्रित किया है। राहुल गांधी के आवास, 5 सुनेहरी बाग रोड, नई दिल्ली पर हाई-टी बैठक चल रही है। इसमें INDIA ब्लॉक के सांसदों के साथ सिविल सोसायटी और छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों को भी बुलाया है।
टी बैठक में शामिल होने वाले नेताओं के नाम
सुप्रिया सुले
योगेंद्र यादव
जीतू पटवारी
अमर सिंह
नेहा बोरा
राजीव शुक्ला
पवन खेरा
सचिन पायलट
आनंद भदौरिया
गुरजीत औजला
इमरान प्रतापगढ़ी
ज्योतिमणि
रेवंत रेड्डी (तेलंगाना सीएम)
टी बैठक से पहले पवन खेड़ा ने कहा, "पूरा इंडी गठबंधन हमारे साथ आंदोलन में जुड़ा हुआ है। हम बैठकर रणनीति तय करेंगे कि आने वाले दिनों में किस तरह इस आंदोलन को आगे लेकर जाना है। यह आजादी का आंदोलन है और इसमें हम पर जितना दमन होगा उतना वह हमारे लिए अच्छा है... पूरा देश आज आक्रोशित है और उस आक्रोश को कोई गलत दिशा न मिले शांतिपूर्ण तरीके से सब चीजे हों यह हमारी प्राथमिकता है।"
इससे पहले विपक्षी दलों के नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। बैठक में कथित वोट चोरी के खिलाफ साझा विरोध प्रदर्शन की आगे की रूपरेखा पर चर्चा हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को भी आगे बढ़ाने की रणनीति पर विचार कर सकता है।
सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा 'वोट चोरी' का मुद्दा
विपक्षी दलों ने सोमवार को दिल्ली में 'मार्च फॉर डेमोक्रेसी' निकाला था। इस मार्च में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और एनसीपी (एसपी) की नेता सुप्रिया सुले समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए थे।
मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी दिल्ली के कनॉट प्लेस से आगे बढ़े, लेकिन भगवान दास रोड पर लगाए गए बैरिकेड के पास उन्हें रोक दिया गया। इसके बाद विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) तथा कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर संयुक्त याचिका दायर की। याचिका में भारतीय निर्वाचन आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू तथा विवेक जोशी को पक्षकार बनाया गया है।
चुनाव आयोग पर दबाव बनाने की तैयारी
विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव और कथित अनियमितताओं से चुनावी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। विपक्ष इन मुद्दों पर चुनाव आयोग से जवाब मांग रहा है। वहीं, हाई-टी के दौरान आगे के विरोध प्रदर्शन और साझा अभियान को लेकर चर्चा होने की संभावना है। इससे पहले विपक्ष के नेताओं ने मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात का अनुरोध किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश ने इस मुद्दे पर मुलाकात से इनकार करते हुए कहा था कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
अब राहुल गांधी के आवास पर होने वाली बैठक और संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस पर नजर रहेगी। विपक्ष की आगे की रणनीति से यह स्पष्ट हो सकता है कि INDIA ब्लॉक इस मुद्दे को संसद, न्यायालय और सड़क पर किस तरह आगे बढ़ाने की योजना बना रहा है।
