सोशल मीडिया पर हाल में ही एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक शख्स फ्लाईओवर के खंभे और पुल की बीच वाली जगह के अंदर सोता हुआ मिला, जिसका वीडियो राहगीरों ने बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो बेंगलुरु के जलहल्ली क्रॉस इलाके का बताया जा रहा है। मामले में पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जांच करने की बात कही है।
फ्लाईओवर के एक खंभे के ऊपर आराम से सोते दिखा शख्स
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि मेट्रो के फ्लाईओवर के एक खंभे के अंदर एक शख्स आराम से सोता दिख रहा है। वीडियो में देखा गया कि शख्स खंभे और पुल के बीच बची जगह के अंदर सोया हुआ है। लोग इस वीडियो को देखकर हैरान हैं और यही सोच रहे हैं कि आखिर वह शख्स उस जगह पर पहुंचा कैसे? आप देख सकते हैं कि शख्स एक संकरी सी जगह में पीलर के ऊपर घुसकर लेटा था। यह नजारा देखने के बाद लोग दंग रह गए।
आराम से खंभे के ऊपर सोता रहा शख्स, नीचे हो रही हलचल से कोई मतलब नहीं
वीडियो में साफ दिख रहा है कि ओवरब्रिज के खंभे की ऊंचाई बहुत ही ज्यादा है। नीचे से ऊपर तक लोग इकट्ठा हो गए और ऊपर देखकर हैरान हो रहे थे। शख्स आराम से सो रहा था, जैसे उसे बाहर की दुनिया और हलचल मचाने वाले लोगों से कोई मतलब ही न हो। उस शख्स को इस बात का कोई अंदाजा ही नहीं कि उसे लेकर नीचे कितना बवाल मचा हुआ है। वह मस्त अपनी जगह पर आराम फरमा रहा है।
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
यह वीडियो सोशल साइट एक्स पर @karnatakaportf नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "जलहल्ली क्रॉस पर एक शख्स फ्लाईओवर के खंभे के अंदर सोता मिला। यह अजीब नजारा देखकर लोग हैरान हैं। इतनी संकरी और खतरनाक जगह में वह कैसे घुस गया?" वीडियो को अब तक लाखों लोगों ने देखा और सैकड़ों लोगों ने लाइक और कमेंट किया है। सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई कह रहा है कि शहर में बेघर लोगों की समस्या गंभीर है। उन्हें रहने की जगह नहीं मिलती, इसलिए वे ऐसी खतरनाक जगहों पर शरण लेते हैं।
आखिर शख्स वहां पहुंचा कैसे?
एक यूजर ने लिखा, "यह जांचना जरूरी है। अगर वह मदद मांग रहा है तो उसे सहायता दी जानी चाहिए। अगर स्टंट है तो सबक सिखाना चाहिए।" दूसरे ने पूछा, "खंभे के ऊपर वह कैसे चढ़ा? कहीं गलत इरादे तो नहीं?" कुछ लोगों का मानना है कि खंभे पर निर्माण कार्य चल रहा है। शायद वह मजदूर हो और काम के बीच आराम कर रहा हो। मजदूरों को अक्सर ऐसी जगहों पर ब्रेक लेते देखा जाता है। लेकिन ज्यादातर लोग इसे बेघर होने की समस्या बता रहे हैं।
पुलिस ने मामले में दिए जांच के आदेश
वीडियो में कई लोगों ने बेंगलुरु पुलिस को टैग भी किया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने पीन्या थाने को मामले की जांच करने का आदेश दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और शख्स को सुरक्षित बाहर निकाला। अभी तक यह साफ नहीं है कि वह कौन था और वहां क्यों सो रहा था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
