Gold-Silver Old Bill Photo: सोना भारत के साथ दुनिया के कई मुल्कों में शुरुआत से निवेश का बड़ा सोणा विकल्प रहा है। अभी की (26 जनवरी, 2023) की बात करें तो 10 ग्राम (24 कैरेट) गोल्ड का देश की राजधानी दिल्ली में रेट 58,740 रुपए है, जबकि किसी जमाने में यह 100 रुपए के आसपास मिल जाया करता था।
सुन कर भौचक्के रह गए न...? जी हां, यह सच है। सोना तब अब के हिसाब से सस्ता हुआ करता था। 113 रुपए में सिर्फ तब 10 ग्राम सोना मिलता था। हालांकि, यह बात काफी पुरानी है, मगर अब इसकी चर्चा इसलिए हो रही है, क्योंकि हाल ही में उस दौर के सोने-चांदी की खरीद से जुड़ा एक बिल वायरल हुआ है।
सोशल मीडिया पर उस बिल को देखकर लोग बड़े हैरान हैं। वे सोने-चांदी के गहनों के रेट्स को लेकर बोले कि अच्छे दिन तो तभी थे। दरअसल, सोने-चांदी से जुड़े गहनों का जो बिल टि्वटर के साथ अन्य सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर वायरल हुआ है, वह 3 मार्च, 1959 का है। यानी अभी के हिसाब से यह लगभग 64 साल पुराना है।
महाराष्ट्र के वामन निंबाजी अष्टेकर की दुकान के इस बिल को आत्माराम नाम के कस्टमर (खरीददार) को दिया गया था, जिन्होंने उनकी दुकान से सोने और चांदी के जेवर लिए थे। बिल के मुताबिक, तब उन्होंने कुल 909 रुपए का सामान वहां से खरीदा था और तब एक तोला यानी 10 ग्राम सोना 113 रुपए में हुआ करता था।
वैसे, इस बिल से पहले सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर गेहूं का बिल, साइकिल का बिल और बुलेट का बिल भी सामने आया था, जो कि खूब वायरल हुआ था और लोगों के बीच वे भी चर्चा का विषय बने थे।
