Bihar Virtual Revenue Court: बिहार में जमीन से जुड़े विवादों के निपटारे और राजस्व व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल राजस्व न्यायालय की ऑनलाइन व्यवस्था की शुरुआत की है। अब जमीन मालिक यानी रैयत दाखिल-खारिज, परिमार्जन और जमीन से जुड़े दूसरे मामलों में मोबाइल या लैपटॉप के जरिए घर बैठे अपनी बात रख सकेंगे। इसके लिए उन्हें बार-बार राजस्व कार्यालयों और अदालतों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस नई व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्चुअल कोर्ट के जरिए सुनवाई की प्रक्रिया को डिजिटल बनाया जाएगा। इससे लोगों का समय बचेगा और लंबे समय से लंबित मामलों के जल्द निपटारे में मदद मिलेगी।
डिजिटल होंगे जमीन से जुड़े सभी रिकॉर्ड
मंत्री दिलीप जायसवाल के मुताबिक, वर्चुअल राजस्व कोर्ट में सभी रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रखे जाएंगे। पटना मुख्यालय से पूरी व्यवस्था की निगरानी होगी। किस मामले में कितनी सुनवाई हुई, उसके निपटारे में कितना समय लगा और संबंधित रैयत को कितनी बार सरकारी कार्यालय आना पड़ा, इसका पूरा ब्योरा उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा कोर्ट के आदेश भी सार्वजनिक किए जाएंगे, ताकि सुनवाई की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और लोगों को अपने मामलों की जानकारी आसानी से मिल सके।
अंचल कार्यालयों में दलालों पर लगेगी लगाम
जमीन से जुड़े कामों के नाम पर अंचल और जिला कार्यालयों में सक्रिय दलालों पर कार्रवाई के लिए भी विभाग ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। इसके तहत सभी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। मंत्री ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों के साथ बार-बार कार्यालय आने वाले लोगों की पहचान की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी और FIR भी दर्ज कराई जा सकती है।
वहीं, अधिकारियों को जीपीएस सिस्टम से लैस लैपटॉप दिए जा रहे हैं। इनके जरिए मुख्यालय से अधिकारियों की गतिविधियों और कामकाज की निगरानी की जाएगी।
144 अधिकारियों पर हो चुकी है कार्रवाई
राजस्व मंत्री ने बताया कि विभाग अब तक 144 अधिकारियों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई कर चुका है। उन्होंने गया जिले के अतरी में दिलीप कुमार नाम के एक पदाधिकारी पर 70 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में आरोप पत्र दाखिल किए जाने की जानकारी दी। इसके अलावा कमल नयन कश्यप नाम के एक अन्य अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही। सरकार का कहना है कि राजस्व व्यवस्था में भ्रष्टाचार और लापरवाही को रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
बिहार में फिर तेज होगा जमीन सर्वे का काम
जमीन विवादों को कम करने के लिए बिहार में जमीन सर्वे की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी। मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि पहले बड़े पैमाने पर जमीन का सर्वे हुआ था और अब लंबे अंतराल के बाद दोबारा सर्वे कराया जा रहा है। अब तक करीब 1600 मौजों में सर्वे का काम पूरा हो चुका है।
उन्होंने जमीन मालिकों से अपील की कि वे सर्वे की प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी जमीन से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर अपना नाम दर्ज कराएं। सर्वे के बाद जमीन मालिकों को पासबुक उपलब्ध कराने की भी योजना है।
डिजिटल रिकॉर्ड नहीं तो ड्रोन से होगी जमीन की मैपिंग
मंत्री ने बताया कि जिन जमीन मालिकों के पास जमीन का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है, उनकी जमीन की पहचान के लिए ड्रोन और हवाई सर्वे के जरिए मैपिंग कराई गई है। इसी मैपिंग के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सरकार का मानना है कि सर्वे पूरा होने और जमीन के रिकॉर्ड दुरुस्त होने से भविष्य में जमीन से जुड़े विवादों में कमी आएगी। वहीं, जिन लोगों का नाम सर्वे में दर्ज नहीं होगा या जिनके रिकॉर्ड में गड़बड़ी होगी, उन्हें आगे चलकर कानूनी प्रक्रिया और राजस्व न्यायालय का सहारा लेना पड़ सकता है। राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने लोगों से अपील की कि वे जमीन सर्वे में सक्रिय रूप से भाग लें और समय रहते अपने जमीन के रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराएं।
