देश

UP चुनाव में सपा-कांग्रेस का गठबंधन तय! सीट बंटवारे पर 2-4 दिन में होगा अंतिम फैसला

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं के बीच हुई बैठक 15-20 मिनट में खत्म हो गई।सूत्रों का कहना है कि बैठक के दौरान कांग्रेस ने उन सीटों की सूची सपा नेताओं को सौंपी जहां से पार्टी अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है।

Image

राहुल गांधी और अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस ने सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर बातचीत की और चुनाव मिलकर लड़ने पर सहमति जताते हुए सीटों के तालमेल को अगले दो-चार दिनों में अंतिम रूप देने के संकेत दिए।दोनों दलों के नेता मंगलवार को भी बैठक करेंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं के बीच हुई बैठक 15-20 मिनट में खत्म हो गई।सूत्रों का कहना है कि बैठक के दौरान कांग्रेस ने उन सीटों की सूची सपा नेताओं को सौंपी जहां से पार्टी अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है।

'सीट बंटवारे पर कल फिर आगे बातचीत होगी'

सूत्रों ने बताया, 'बैठक में हमने सपा को अपनी प्राथमिकता वाली सीटों की सूची सौंपी है। सपा के लोग इस पर चर्चा के बाद आगे बताएंगे। सीट बंटवारे पर कल फिर आगे बातचीत होगी।'बैठक में कांग्रेस की ओर से उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए। वहीं, सपा की ओर से रामगोपाल यादव, पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन ने हिस्सा लिया।

'बैठक बहुत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई, हमने एक-दूसरे के विचार सुने'

बैठक के बाद सपा के महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विचारों को सुना।यादव ने कहा, 'बैठक बहुत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। हमने एक-दूसरे के विचार सुने। हम जल्द ही इस गठबंधन को अंतिम रूप देंगे और इसकी जानकारी देंगे। अगले दो से तीन दिनों में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। अगली बैठक कल होगी।'

'हम आपसी सहमति से समाधान पर पहुंचेंगे'

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र गौतम ने भी बैठक को सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने मिलकर चुनाव लड़ने पर सहमति जताई है और सीट बंटवारे को लेकर सौहार्दपूर्ण समाधान निकाल लिया जाएगा। गौतम ने कहा, 'कल एक और बैठक होगी। आज की बैठक सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। दोनों पक्षों ने मिलकर चुनाव लड़ने पर सहमति जताई है। हम आपसी सहमति से समाधान पर पहुंचेंगे। लगभग सभी मुद्दों पर चर्चा हो रही है।' उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अराधना मिश्रा ने कहा कि सीट बंटवारे पर अगले दो-चार दिनों में फैसला हो जाएगा।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article