देश

कब पटरी पर दौड़ेगी देश की पहली बुलेट ट्रेन? सामने आ गई ट्रायल रन की तारीख, पकडेगी 280 KM की रफ्तार

मुंबई-अहमदाबाद के बीच बन रहा 508 किलोमीटर लंबा बुलेट ट्रेन कॉरिडोर देश की सबसे महत्वाकांक्षी रेल परियोजनाओं में शामिल है। इस कॉरिडोर के पहले चरण में सूरत से बिलिमोरा के बीच ट्रेन चलाने की तैयारी है। यह करीब 50 किलोमीटर लंबा हिस्सा है। इस सेक्शन पर ट्रायल रन शुरू होना परियोजना के लिए अहम उपलब्धि होगी।

Image

देश की पहली बुलेट ट्रेन का ट्रायल रन।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को लेकर बड़ी खबर है। मई 2027 में सूरत से बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन का ट्रायल रन शुरू करने की तैयारी है। इसके साथ ही देश की पहली हाईस्पीड रेल परियोजना एक बड़े पड़ाव की ओर बढ़ रही है। रेलवे की योजना के मुताबिक, जनवरी 2027 के अंत तक सूरत-बिलिमोरा सेक्शन पर सिग्नलिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद मई में इस रूट पर बुलेट ट्रेन का ट्रायल रन शुरू होगा।

मुंबई-अहमदाबाद के बीच बन रहा 508 किलोमीटर लंबा बुलेट ट्रेन कॉरिडोर देश की सबसे महत्वाकांक्षी रेल परियोजनाओं में शामिल है। इस कॉरिडोर के पहले चरण में सूरत से बिलिमोरा के बीच ट्रेन चलाने की तैयारी है। यह करीब 50 किलोमीटर लंबा हिस्सा है। इस सेक्शन पर ट्रायल रन शुरू होना परियोजना के लिए अहम उपलब्धि होगी।

280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से होगी टेस्टिंग

बुलेट ट्रेन को 280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने की तैयारी है। इसके लिए ट्रैक, बिजली आपूर्ति, सिग्नलिंग और सुरक्षा से जुड़े सिस्टम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जनवरी के अंत तक सिग्नलिंग का काम पूरा होने के बाद ट्रायल रन की तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा।

देश में तैयार हो रही स्वदेशी बुलेट ट्रेन

इस परियोजना की एक बड़ी खासियत स्वदेशी बुलेट ट्रेन भी है। B-28 ट्रेन को विकसित करने का काम जारी है। इसे भारत में ही तैयार किया जा रहा है। इस ट्रेन को 280 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम टेस्टिंग स्पीड के हिसाब से विकसित किया जा रहा है। इसका निर्माण देश में हाईस्पीड ट्रेन तकनीक को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

508 किलोमीटर का होगा मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड कॉरिडोर

मुंबई से अहमदाबाद के बीच बनने वाला यह कॉरिडोर महाराष्ट्र, गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली से होकर गुजरेगा। इस रूट पर मुंबई, ठाणे, वापी, सूरत, वडोदरा, आनंद और अहमदाबाद समेत कुल 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं। करीब 465 किलोमीटर का हिस्सा एलिवेटेड ट्रैक पर बनाया जा रहा है। वहीं महाराष्ट्र में 21 किलोमीटर लंबी सुरंग भी बनाई गई है, जिसमें ठाणे क्रीक के नीचे से गुजरने वाला करीब 7 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है।

बुलेट ट्रेन परियोजना के पूरा होने के बाद मुंबई और अहमदाबाद के बीच सफर का समय काफी कम हो जाएगा। फिलहाल सबसे बड़ा फोकस परियोजना के पहले चरण को तैयार करने पर है। मई 2027 में सूरत-बिलिमोरा के बीच प्रस्तावित ट्रायल रन इस दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article