वायरल न्यूज़

80 की स्पीड से बस चलाते हुए रियलिटी शो देख रहा था ड्राइवर, वायरल वीडियो देख भड़के लोग

सोशल मीडिया पर एक बस ड्राइवर की लापरवाही देख लोग भड़क गए। दरअसल, बस ड्राइवर बस को 80 की स्पीड से चला रहा था, और इस दौरान वह अपने फोन में रियलिटी शो देख रहा था। जिसके बाद एक यात्री ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर उसे वायरल कर दिया।

Image

बस ड्राइवर की लापरवाही का वीडियो हुआ वायरल (Instagram/@nagesh_2161)

सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक बस ड्राइवर तेज रफ्तार से बस को भगाए जा रहा है। लेकिन उसका ध्यान ड्राइविंग छोड़ उसके मोबाइल पर था। जिसमें वह रियलिटी शो चलाकर देख रहा था। बस के ड्राइवर की इस हरकत को बस में सवार एक यात्री ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

यात्री ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो

वीडियो को इंस्टाग्राम पर नागेश माने नाम के यूजर ने अपने अकाउंट @nagesh_2161 से शेयर किया है। नागेश ने वीडियो के कैप्शन में बताया कि बस मुंबई से हैदराबाद जा रही थी। बात 27 अक्टूबर की रात करीब ढाई बजे की है। जब उन्होंने देखा कि बस का ड्राइवर स्टीयरिंग पकड़े हुए नीचे मोबाइल फोन पर रियलिटी शो देख रहा है। उस वक्त बस की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे थी। उन्होंने उस बस ड्राइवर का फौरन वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा, "यह भी दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण है।"

वायरल वीडियो देख भड़के लोग

वायरल वीडियो को देख लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुंचा। लोगों ने वीडियो पर कमेंट कर कहा कि ऐसे लापरवाह बस ड्राइवरों की वजह से ही बड़े-बड़े सड़क हादसों में एक साथ कई लोग अपनी जान गंवा बैठते हैं। रात के अंधेरे में हाई स्पीड पर फोन देखना कितना खतरनाक हो सकता है, यह सोचकर हर कोई सहम गया। बस में सवार लोग डर के साए में सफर कर रहे थे। वीडियो देखकर लगता है कि ड्राइवर की लापरवाही से कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

बस कंपनी ने मांगी माफी

वीडियो के वायरल होते ही बस कंपनी का इस वीडियो पर रिप्लाई भी आया। कंपनी ने अपने ड्राइवर के इस हरकत के लिए लोगों से माफी मांगी और बताया कि कंपनी ने ड्राइवर पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे नौकरी से निकाल दिया है। कंपनी ने अपने जवाब में लिखा कि, "27 अक्टूबर को मुंबई से हैदराबाद की यात्रा में आपको जो असुविधा, डर और परेशानी हुई, उसके लिए हम दिल से माफी मांगते हैं। यात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। हम ऐसे मामलों को बहुत गंभीरता से लेते हैं।"

बस ड्राइवर को नौकरी से निकाला

कंपनी ने साफ कहा कि लापरवाही के लिए जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है। ड्राइवर को बर्खास्त कर दिया गया। उन्होंने आगे कहा, "ऐसे मामले बहुत दुर्लभ हैं। यात्रियों का शुक्रिया कि उन्होंने हमें बताया। अब हम सभी ड्राइवर्स को सख्त हिदायत दे रहे हैं कि ड्राइविंग के दौरान मोबाइल इस्तेमाल बिल्कुल न करें। इस अप्रिय अनुभव के लिए फिर से माफी।"

बस कंपनी की कार्रवाई की लोगों ने की तारीफ

कंपनी की तेज कार्रवाई की लोगों ने तारीफ की। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने कहा कि अच्छा हुआ कंपनी ने एक्शन लिया, लेकिन अब भर्ती और ट्रेनिंग को और बेहतर करना चाहिए ताकि यात्रियों की जान सुरक्षित रहे।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article