राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा युवाओं, छात्रों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की बड़े पैमाने पर की गई धरपकड़ के बाद देश की राजनीति गरमा गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट शेयर करते हुए केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय पर सीधा व तीखा हमला बोला है।
राहुल ने बोला सरकार पर हमला
एक प्रदर्शनकारी युवती को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की तस्वीर साझा करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस खुद गुंडागर्दी पर उतर आई है और सत्तारूढ़ दल से जुड़े तत्वों को महिलाओं और युवाओं पर हिंसा करने की खुली छूट दी जा रही है।
"मोगैम्बो मोदी सरकार जितना दबाएगी, Gen Z का गुस्सा उतना बढ़ेगा"
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार पर हमला बोलते हुए लिखा, "अमित शाह की दिल्ली पुलिस खुद तो गुंडागर्दी पर उतर ही आई - RSS-BJP के असली गुंडों को भी महिलाओं और युवाओं पर हिंसा करने की खुली छूट और बढ़ावा दे रही है। जैसा मैंने कहा था, Mogambo Modi और उसकी सरकार जितना दबाएगी, Gen Z और छात्रों का गुस्सा उतना ही बढ़ेगा। सोमवार, 12 अक्टूबर को कांग्रेस, पूरा INDIA गठबंधन और देश के युवा बड़ी संख्या में एक बार फिर सड़कों पर उतरेंगे। और इस बार भी आवाज पूरे देश में गूंजेगी - पहले से कहीं ज्यादा।
12 अक्टूबर को फिर सड़कों पर उतरेगा 'INDIA' गठबंधन
दिल्ली में सुरक्षा बलों द्वारा की गई सख्ती के बावजूद राहुल गांधी ने स्पष्ट कर दिया है कि विपक्ष और देश के युवा पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने आगामी रणनीति का ऐलान करते हुए कहा कि सोमवार, 12 अक्टूबर को कांग्रेस, पूरा INDIA गुट और देश के युवा एक बार फिर बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरेंगे और इस बार यह आवाज़ पूरे देश में और भी ज्यादा जोर-शोर से गूंजेगी।
गृह मंत्री को सीधे चुनौती देते हुए राहुल गांधी ने लिखा कि "@AmitShah, जितनी पुलिस लानी है, 10 हजार, 20 हजार, 40 हजर, ले आइए। BJP-RSS के जितने गुंडे बुलाने हैं, बुला लीजिए। हम डरने वाले नहीं हैं। पीछे हटने वाले नहीं हैं। ये लड़ाई अब रुकने वाली नहीं है!"
मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात कर दर्ज कराएंगे विरोध
राहुल गांधी ने बताया कि सोमवार को विपक्ष का प्रतिनिधिमंडल भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) से भी मुलाकात करेगा। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली की सड़कों पर संविधान को तार-तार किया जा रहा है और लोकतंत्र को कुचला जा रहा है, तब कानून के संरक्षक चुप नहीं बैठ सकते। "संविधान की धज्जियां उड़ेंगी और हम चुप बैठेंगे? ऐसा हरगिज नहीं होगा। जवाबदेही तय करवाकर रहेंगे!"
"देश के लोकतंत्र की आत्मा पर चोट की गई"
संवाददाताओं से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि "नरेंद्र मोदी, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और अमित शाह ने मिलकर देश के लोकतंत्र का नाश कर दिया है और भारत की आत्मा व हृदय पर गहरी चोट पहुंचाई है।" उन्होंने देश के युवाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि विपक्ष उनके साथ मजबूती से खड़ा है और इस लड़ाई में देश के युवाओं व विपक्ष को न्याय जरूर मिलेगा।
