Viral Video: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर (Raipur Video) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने आवारा पशुओं के आतंक और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर की एक रिहायशी सड़क पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बेकाबू आवारा सांड ने राह चलते लोगों और घर के बाहर खड़े एक बुजुर्ग पर अचानक हमला बोल दिया। इस हमले का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसने भी यह नजारा देखा वो एक पल के लिए दंग रह गया।
वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति अपने घर बाहर एक छोटे बच्चे को गोद में लेकर शांति से खड़े थे। माहौल बिल्कुल सामान्य था, लेकिन तभी अचानक गली के मोड़ से एक विशालकाय काला सांड पूरी रफ्तार से दौड़ता हुआ आया। इससे पहले कि बुजुर्ग कुछ समझ पाते या वहां से भाग पाते, सांड ने सीधे उन पर हमला कर दिया और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग बच्चे समेत जमीन पर गिर पड़े। इस खौफनाक हमले के दौरान जो सबसे हैरान और भावुक कर देने वाली बात सामने आई, वह थी बुजुर्ग की ममता और उनका अदम्य साहस। जमीन पर गिरने और सांड के लगातार मंडराने के बावजूद, बुजुर्ग ने बच्चे को अपने शरीर से सटाकर रखा और सांड के हमलों से बचाते रहे। सांड दोबारा उन पर झपटने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बुजुर्ग ने हिम्मत नहीं हारी और बच्चे को कोई गंभीर चोट नहीं लगने दी। चीख-पुकार सुनकर पास मौजूद महिलाएं और अन्य लोग तुरंत बाहर भागे और सांड को खदेड़ने की कोशिश की। इसके बाद बुजुर्ग और बच्चे को सुरक्षित उठाकर अंदर ले जाया गया। देखें वीडियो...
दिल दहलाने वाला नजारा
वीडियो देखकर एक पल के लिए आप भी जरूर सहम गए होंगे। क्योंकि, जिस तरह से सांड ने हमला किया उसका परिणाम काफी खतरनाक भी हो सकता था। अब यह मामला सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। एक्स पर इस वीडियो को hinduvision1 नाम के पेज से शेयर किया गया है। इस घटना में मासूम बच्चा और बुजुर्ग चोटिल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।घटना के बाद से ही इलाके के लोगों में भारी गुस्सा और दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशी आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। वहीं, इस वीडियो को देखने के बाद लोग बुजुर्ग के साहस की तारीफ कर रहे हैं कि कैसे उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना मासूम को सुरक्षित बचा लिया। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
