अगर आप ऑफिस या किसी दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते हैं तो सावधान हो जाइए। आपकी एक छोटी सी लापरवाही WhatsApp अकाउंट की सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है। साइबर अपराधी WhatsApp Web के पहले से लॉगिन सेशन का गलत इस्तेमाल करके आपके निजी मैसेज पढ़ सकते हैं और आपकी पहचान से दूसरों को मैसेज भेज सकते हैं। इतना ही नहीं, आपके अकाउंट का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी और फिशिंग जैसे साइबर अपराधों के लिए भी किया जा सकता है।
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने इस संबंध में यूजर्स को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर ऑफिस, पब्लिक और साझा कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
WhatsApp Web से कैसे हो सकता है अकाउंट का गलत इस्तेमाल?
NCTAU के मुताबिक, कुछ परिस्थितियों में WhatsApp Web का पहले से ऑथेंटिकेटेड यानी लॉगिन सेशन अनधिकृत लोगों के हाथ लग सकता है। इसका फायदा उठाकर कोई दूसरा व्यक्ति आपके WhatsApp अकाउंट तक पहुंच बना सकता है।
ऐसा होने पर साइबर अपराधी कई तरह की गतिविधियों को अंजाम दे सकते हैं।
- आपके निजी WhatsApp मैसेज पढ़ सकते हैं।
- आपकी पहचान से दूसरे लोगों को मैसेज भेज सकते हैं।
- आपके कॉन्टैक्ट और ग्रुप चैट तक पहुंच बना सकते हैं।
- आपके नाम और भरोसे का इस्तेमाल करके दोस्तों या रिश्तेदारों से पैसे मांग सकते हैं।
- फिशिंग लिंक भेजकर लोगों की निजी जानकारी और बैंकिंग डिटेल चुराने की कोशिश कर सकते हैं।
WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय इन 7 बातों का रखें ध्यान
1. संवेदनशील जानकारी शेयर करने से बचें- ऑफिस से जुड़े गोपनीय दस्तावेज, सरकारी जानकारी, बैंकिंग डिटेल या दूसरी संवेदनशील जानकारियां WhatsApp Web के जरिए कंप्यूटर पर शेयर करने से बचें। खासतौर पर ऑफिस के साझा कंप्यूटर पर इसका इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें।
2. WhatsApp Web को हमेशा लॉगिन न रखें- कई लोग एक बार WhatsApp Web लॉगिन करने के बाद उसे लंबे समय तक ऐसे ही छोड़ देते हैं। ऐसा करना जोखिम भरा हो सकता है। जब जरूरत न हो तो WhatsApp Web से लॉगआउट कर दें।
3. काम खत्म होते ही जरूर करें लॉगआउट- सिर्फ ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देने से WhatsApp Web से लॉगआउट होना जरूरी नहीं है। इसलिए काम पूरा होने के बाद खुद लॉगआउट करें। इसके लिए WhatsApp खोलें और Linked Devices में जाकर संबंधित कंप्यूटर से लॉगआउट कर दें।
4. Incognito मोड का करें इस्तेमाल- अगर किसी कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करना जरूरी है, तो भरोसेमंद डिवाइस पर Incognito या Private Browsing मोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, इसे पूरी सुरक्षा की गारंटी न समझें। काम पूरा होने के बाद मैन्युअल रूप से लॉगआउट करना जरूरी है।
5. पब्लिक कंप्यूटर पर WhatsApp Web खोलने से बचें- साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर, पब्लिक कियोस्क या किसी अनजान व्यक्ति के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन करने से बचें। ऐसे सिस्टम पर आपकी जानकारी और अकाउंट की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
6. अकाउंट की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें- अगर आपके WhatsApp अकाउंट से अपने आप किसी को मैसेज भेजा जा रहा है या आपके दोस्त और रिश्तेदार ऐसे मैसेज का जवाब दे रहे हैं, जिन्हें आपने भेजा ही नहीं, तो इसे गंभीरता से लें। ऐसी स्थिति में तुरंत Linked Devices की जांच करें और किसी अनजान डिवाइस से अपना अकाउंट लॉगआउट कर दें।
7. कंप्यूटर और ब्राउजर को रखें अपडेट- अपने कंप्यूटर का ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर हमेशा अपडेट रखें। अनजान फाइल डाउनलोड करने, संदिग्ध लिंक खोलने और क्रैक्ड सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने से बचें।
ऑफिस में WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों के लिए खास सलाह
I4C की एडवाइजरी के मुताबिक, सरकारी और संवेदनशील कामकाज वाले संस्थानों को ऑफिस के कंप्यूटर पर WhatsApp Web के इस्तेमाल से बचना चाहिए। अगर इसका इस्तेमाल जरूरी हो तो Incognito या Private Browsing मोड अपनाया जा सकता है, लेकिन इसे सिर्फ अतिरिक्त सावधानी माना जाना चाहिए।
