दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केवल BS-VI मानक वाली गाड़ियों को अनुमति देने के प्रस्ताव पर विचार करने की बात कही है। आज वायु प्रदूषण से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि कोर्ट का रुख साफ है कि दिल्ली में केवल BS-VI गाड़ियों को ही अनुमति दी जाएगी, अगर पूरे NCR में ऐसा करना संभव नहीं हुआ तो कम से कम दिल्ली में यह व्यवस्था लागू की जा सकती है।
मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने कहा कि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए और कौन से तात्कालिक और दीर्घकालिक कदम उठाए जा सकते हैं, इस पर विचार किया जाएगा। हालांकि, कोर्ट ने फिलहाल केवल BS-VI वाहनों को अनुमति देने के संबंध में कोई अंतिम निर्देश पारित नहीं किया है।
दिल्ली में कमर्शियल वाहनों की एंट्री रोकने का सुझाव
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में कमर्शियल वाहनों की एंट्री पूरी तरह रोकने की संभावना पर भी विचार किया। CJI सूर्यकांत ने सुझाव दिया कि जरूरी सामान लेकर आने वाले ट्रक दिल्ली की सीमा पर बने वेयरहाउस तक सामान पहुंचाएं। वहां से फल, सब्जियां और रोजमर्रा की जरूरत का सामान छोटे बैटरी चालित या प्रदूषण नहीं फैलाने वाले वाहनों के जरिए शहर के अंदर पहुंचाया जा सकता है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: Delhi AQI: दिल्ली में प्रदूषण से राहत नहीं, धुंध में ओझल हुआ इंडिया गेट
CJI ने कहा कि ऐसा इंतजाम इस साल या अगले साल संभव नहीं हो सकता, लेकिन अगले पांच वर्षों में इस दिशा में योजना बनाई जा सकती है। कोर्ट ने कहा कि दिल्ली के लोगों को जरूरी सामान की आपूर्ति भी जारी रहनी चाहिए और प्रदूषण फैलाने वाले भारी कमर्शियल वाहनों पर निर्भरता कम करने के विकल्प तलाशने होंगे।
पड़ोसी राज्यों से भी मांगा जवाब
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के पड़ोसी राज्यों हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से भी प्रदूषण कम करने के प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। कोर्ट ने इन राज्यों को निर्देश दिया कि वे NCR में पार्टिकुलेट प्रदूषण कम करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करें। कोर्ट का जोर इस बात पर है कि दिल्ली के प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए केवल राजधानी में प्रतिबंध लगाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि पूरे NCR में समन्वित प्रयास करने होंगे।
