सड़क पर चलती गाड़ियों से स्टंट करते हुए लोग अक्सर किसी ना किसी हादसे का शिकार हो जाते हैं, लेकिन इन हादसों से भी वे कोई सीख नहीं लेते। आए दिन किसी ना किसी कैमरे में इनकी लापरवाही कैद हो जाती है और सोशल मीडिया पर वायरल हो जाती है। हाल में एक ऐसे ही स्टंटबाज लड़के का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि लड़का एक चलती हुई बाइक पर स्टंट कर रहा है, लेकिन कुछ देर बाद ही उसके साथ भी वही होता है जो अधिकतर लोगों के साथ होता है। असल में स्टंट कर रहा यह लड़का कुछ देर बाद ही सड़क पर ढेर हो जाता है।
स्टंट कर रहा बाइक सवार हुआ हादसे का शिकार
वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि लड़का सड़क पर तेज रफ्तार बाइक से खड़े होकर स्टंट करता दिख रहा है। लड़के की बाइक के ठीक पीछे चल रहे एक कार चालक उसकी इस हरकत को अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर रहा होता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़का अपनी बाइक की सीट पर खड़ा है और बाइक खुद से चल रही है। लड़का जैसे ही कुछ दूर आगे बढ़ता है, वैसे ही उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ जाता है और सामने चल रही बाइक से टकरा जाता है। लड़का अगले ही पल बाइक समेत नीचे गिर जाता है और उसकी चप्पल हवा में उचल जाती है।
वीडियो पर कमेंट कर लोगों ने खूब लिए चटकारे
स्टंट के इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @AamirMalick605 नाम के यूजर ने शेयर किया है, जिसे खबर लिखे जाने तक हजारों लोगों ने देखा और सैकड़ों लोगों ने लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों ने कमेंट कर स्टंटबाज लड़के का खूब मजाक भी उड़ाया है। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "ओवरकॉन्फिडेंस का मीटर फुल था, सड़क ने एक सेकंड में सर्विस कर डाली।" दूसरे ने लिखा, "ओवरकॉन्फिडेंस में खुद को स्टंट का बादशाह समझ रहा था, रोड ने बोला, "आ बेटा रियलिटी दिखाती हूँ, एक झटका लगा और सारी हीरोगिरी निकल गई।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
