Amitabh Bachchan Birthday Video: हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े स्टार कहे जाने वाले अमिताभ बच्चन आज (11 अक्टूबर) 80 साल के हो गए हैं। पिछले लगभग 50 सालों से अमिताभ बच्चन ना सिर्फ हिंदुस्तान बल्कि दुनिया के कई देशों के लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं। इस मौके पर उत्तर प्रदेश पुलिस की तरफ से उन्हें खास अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गई हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस की तरफ से ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट कर अमिताभ बच्चन को जन्मदिन की बधाई दी गई है।
यूपी पुलिस के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर इस वीडियो को शेयर किया गया है। जिसमें उनके द्वारा अलग-अलग फिल्मों में निभाए गए पुलिस ऑफिसर के किरदार का खास-खास सीन शेयर किया गया है। इसमें खाकी, दीवार, जंजीर, द ग्रेट गैंबलर, इंद्रजीत आदि फिल्मों के शॉट डाले गए हैं। इसके साथ ही अंत में 'जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं इंस्पेक्टर विजय' कोट के साथ वीडियो खत्म किया गया है। वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन भी बहुत जबरदस्त लिखा गया है। देखें वीडियो-
खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई
यूपी पुलिस के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया है, 'जन्मदिन की शुभकामनाएं 'इंस्पेक्टर विजय' आप रील लाइफ़ में और हम रियल लाइफ़ में कर्त्तव्य और सत्यनिष्ठा के 'अग्निपथ' पर चलकर जुर्म के खिलाफ एक 'दीवार' बनकर 'खाकी' का नाम रोशन करते रहें।' बता दें कि अमिताभ बच्चन ने सात हिंदुस्तानी फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की थी। साल 1969 में आई फिल्म 'सात हिंदुस्तानी' के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। पिछले 53 सालों में उन्होंने सैकड़ों फिल्मों में काम किया है।
उनकी फिल्मों में कई आइकॉनिक फिल्में हैं। जिनमें जंजीर, दीवार, शोले, आनंद जैसी फिल्में भारतीय सिनेमा के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुई हैं। उनको अपनी पहली ही फिल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला था। अमिताभ बच्चन को साल 1973 में आई फिल्म 'जंजीर' से पहचान मिली थी। बतौर लीड एक्टर ये अमिताभ बच्चन की फिल्म बड़ी हिट फिल्म थी। इसके बाद बिग बी ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
