बिजनेस

पैसों की तुरंत है जरूरत? Instant Loan और Credit Card Loan में कौन-सा विकल्प है बेहतर

पैसों की अचानक जरूरत आ पड़े और इमरजेंसी फंड की व्यवस्था भी न हो तो पर्सनल लोन या क्रेडिट कार्ड लोन ही दो विकल्प नजर आते हैं। लेकिन सवाल यही कि इन दोनों में से कौन-सा विकल्प ज्यादा बेहतर है?

Image

पैसों की तुरंत जरूरत हो तो पर्सनल लोन लें या क्रेडिट कार्ड का करें इस्तेमाल (Photo: iStock)

कई बार अचानक मेडिकल खर्च, घर की मरम्मत या किसी जरूरी काम के लिए पैसों की जरूरत पड़ जाती है। ऐसी स्थिति में इमरजेंसी फंड (Emergency Fund) न हो तो इंस्टेंट पर्सनल लोन (Personal Loan) और क्रेडिट कार्ड लोन (Credit Card Loan) दो आसान विकल्प ही सामने आते हैं। दोनों के जरिए कम समय में पैसा मिल सकता है, लेकिन ब्याज दर, प्रोसेसिंग फीस और रीपेमेंट की शर्तें अलग-अलग हो सकती हैं। ऐसे में किसी भी विकल्प को चुनने से पहले उसकी लागत और अपनी चुकाने की क्षमता को समझना जरूरी है-

क्या होता है इंस्टेंट पर्सनल लोन?

इंस्टेंट पर्सनल लोन आमतौर पर बैंक या नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) की ओर से दिया जाने वाला अनसिक्योर्ड लोन होता है। इसके लिए किसी संपत्ति को गिरवी रखने की जरूरत नहीं होती। लोन की मंजूरी मिलने पर एकमुश्त रकम बैंक खाते में आ जाती है, जिसे तय अवधि में मासिक किस्तों EMI के जरिए चुकाना होता है।

इसकी ब्याज दर आपकी आय, क्रेडिट स्कोर, लोन की रकम और अवधि के आधार पर तय होती है। इसके अलावा, प्रोसेसिंग फीस और समय से पहले लोन चुकाने पर लगने वाले शुल्क की जानकारी भी लेना जरूरी है। बड़ी रकम की जरूरत होने और एक से दो साल में भुगतान करने की योजना बनाने वालों के लिए यह विकल्प काम का साबित हो सकता है।

क्रेडिट कार्ड लोन कब आ सकता है काम?

क्रेडिट कार्ड लोन उन लोगों के लिए सुविधाजनक हो सकता है, जिन्हें कम रकम की जरूरत है और कार्ड जारी करने वाली कंपनी की ओर से पहले से लोन का ऑफर मिला हुआ है। इसमें कागजी कार्रवाई कम हो सकती है, क्योंकि बैंक या कंपनी के पास ग्राहक की जानकारी पहले से मौजूद होती है।

हालांकि, क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाले हर लोन की शर्तें एक जैसी नहीं होतीं। यह उपलब्ध क्रेडिट लिमिट के बदले लोन, मौजूदा बकाया का बैलेंस ट्रांसफर या किसी खरीदारी को EMI में बदलने की सुविधा हो सकती है। इसलिए ब्याज दर, प्रोसेसिंग फीस और भुगतान की अवधि को ध्यान से समझना चाहिए।

कौन सा विकल्प चुनना समझदारी है?

अगर बड़ी रकम चाहिए और निश्चित EMI के साथ भुगतान करना चाहते हैं, तो इंस्टेंट पर्सनल लोन के ऑफर की तुलना करें। वहीं, छोटी रकम के लिए क्रेडिट कार्ड लोन सुविधाजनक हो सकता है, बशर्ते उसकी कुल लागत कम हो। अंतिम फैसला जल्द पैसा मिलने के बजाय ब्याज, शुल्क और अपनी भुगतान क्षमता को ध्यान में रखकर लें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article