देश

हिरासत से बचने के लिए दिल्ली छोड़ गए AAP के कई बड़े नेता! कल सीधे CJP के आंदोलन में करेंगे एंट्री

Delhi पुलिस हिरासत और निगरानी से बचने के लिए आम आदमी पार्टी के विधायक व पार्षद देर रात दिल्ली छोड़कर एनसीआर चले गए। ये सभी नेता आज सीधे मुख्य प्रदर्शन स्थल पहुंचकर शामिल होंगे।

Image

दिल्ली पुलिस से बचने के लिए कई आप नेता दिल्ली से बाहर (फाइल फोटो- PTI)

चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के शीर्ष नेतृत्व और अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा रणनीति में बड़ा बदलाव करने की खबर सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस द्वारा संभावित हाउस अरेस्ट, नजरबंदी या तड़के हिरासत में लिए जाने की आशंका के चलते आम आदमी पार्टी के प्रमुख विधायक, पार्षद और संगठन पदाधिकारी देर रात दिल्ली की सीमाओं से बाहर चले गए हैं। ये कल प्रदर्शन में शामिल होने के लिए वापस दिल्ली आएंगे।

किन-किन AAP नेताओं ने दिल्ली छोड़ी

दिल्ली पुलिस की संभावित कार्रवाई और निगरानी से बचने के लिए जिन प्रमुख नेताओं ने देर रात दिल्ली से बाहर रुख किया, उनमें शामिल हैं:

  • सौरभ भारद्वाज
  • संजीव झा
  • कुलदीप कुमार
  • जरनैल सिंह
  • वीरेंद्र कादियान
  • जुबैर चौधरी
  • विशेष रवि
  • पार्षद लाडला
  • पार्षद कृष्ण जाखड़
  • पार्षद प्रवीण राजपूत
  • पार्षद रमेश प्रधान
  • पार्षद नरेश त्यागी
  • पार्षद रविंदर भारद्वाज
  • सभी फ्रंटल संगठनों के प्रमुख और जिला प्रभार

मुख्य प्रदर्शन में सीधे शामिल होने की योजना

पार्टी सूत्रों का कहना है कि पुलिस अक्सर बड़े प्रदर्शनों से ठीक पहले सुबह-सुबह नेताओं के आवासों पर पहरा बैठा देती है या उन्हें नजरबंद कर देती है। इस स्थिति से निपटने और विरोध मार्च में नेताओं की प्रत्यक्ष मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए सभी नेताओं को दिल्ली से बाहर एनसीआर (गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, गुरुग्राम आदि) के सुरक्षित स्थानों पर रुकने का निर्देश दिया गया था। ये सभी नेता और पार्षद कल निर्धारित समय पर सीधे प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं का नेतृत्व करेंगे।

राजनीतिक गर्माहट और कड़ा पहरा

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर दिल्ली में पिछले कई दिनों से घमासान जारी है। कांग्रेस के नेतृत्व में तमाम विपक्षी पार्टियों के सांसद सड़कों पर हैं। हालांकि AAP ने इससे दूरी बना रखी है, अब कल होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन में आम आदमी पार्टी मैदान में उतरेगी, उसी के लिए ये रणनीति अपनाई गई है।

वहीं दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने भी सीमावर्ती इलाकों और मध्य दिल्ली की ओर आने वाले मार्गों पर चौकसी व बैरिकेडिंग बढ़ा दी है। ताकि प्रदर्शनकारी दिल्ली में प्रवेश न कर सकें।

End of Article