वायरल न्यूज़

मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर सेकंड की चूक पड़ सकती थी भारी, Viral Video में देख आपके भी उड़ जाएंगे होश!

मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर रेलकर्मियों और सुरक्षा बल की सतर्कता से एक महिला यात्री की जान बच गई। बागमती एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान महिला का पैर फिसलने से वह ट्रैक पर गिर गई थी। मौके पर मौजूद आरपीएफ, जीआरपी और चेकिंग स्टाफ ने तत्काल कार्रवाई कर बड़ा हादसा टाल दिया।

Mirzapur Railway Station Viral Video: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को रेलकर्मियों और सुरक्षा बल के जवानों की तत्परता से एक महिला यात्री की जान बच गई। समय रहते की गई कार्रवाई के कारण एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। घटना स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 की बताई जा रही है, जहां बागमती एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला ट्रेन में चढ़ने के दौरान दुर्घटना का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12578 बागमती एक्सप्रेस, जो मैसूर से दरभंगा जा रही थी, अपने निर्धारित ठहराव के लिए मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर रुकी थी। इसी दौरान एस-5 कोच में यात्रा कर रही 45 वर्षीय जसीमा खातून, जो बिहार के दरभंगा जिले के धनकोर क्षेत्र की निवासी हैं, पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतर गई थीं।

ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरी महिला

बताया गया कि जब ट्रेन ने स्टेशन से चलना शुरू किया तो महिला जल्दबाजी में वापस अपने कोच में चढ़ने की कोशिश करने लगीं। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच ट्रैक की ओर गिर गईं। घटना होते ही आसपास मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और चेकिंग स्टाफ के कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। उनकी सतर्कता और साहसिक प्रयासों की बदौलत महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

महिला के सिर, दाहिने हाथ और पैर में चोटें आईं

हादसे में महिला के सिर, दाहिने हाथ और पैर में चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए रेलवे अस्पताल मिर्जापुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि महिला की स्थिति फिलहाल स्थिर है। रेलवे प्रशासन ने इस घटना के बाद यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन के चलने के दौरान चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। साथ ही यात्रा के दौरान सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। रेलकर्मियों और सुरक्षा बल की मुस्तैदी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समय पर की गई कार्रवाई किसी की जान बचा सकती है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article