आमतौर पर लोग किराना स्टोर या सुपरमार्केट में घर का सामान खरीदने जाते हैं। कोई सब्जियां खरीदता है तो कोई दूध, राशन और रोजमर्रा की जरूरत की दूसरी चीजें। लोग अपनी ट्रॉली में सामान रखते हैं और बिल चुकाकर घर लौट जाते हैं। लेकिन अगर खरीदारी करते समय अचानक स्टोर के अंदर डीजे बजने लगे तो आप क्या करेंगे? जाहिर है, हैरान हो जाएंगे। गुजरात के अहमदाबाद में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां शॉपिंग करने पहुंचे लोग अचानक डांस पार्टी का हिस्सा बन गए। इस अनोखे नजारे का वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे एक किराना स्टोर कुछ ही देर में सुपरमार्केट से डांस फ्लोर में बदल जाता है।
किराना स्टोर के अंदर अचानक शुरू हुई DJ पार्टी
दरअसल, अहमदाबाद के एक किराना स्टोर में लोगों के लिए खास पार्टी का आयोजन किया गया था। इस दौरान स्टोर के अंदर डीजे भी बुलाया गया था। आमतौर पर जहां लोग सामान की लिस्ट लेकर घूमते नजर आते हैं, वहां इस बार तेज म्यूजिक और डांस का माहौल था। सोशल मीडिया (Social Media) यूजर शिवानी जायसवाल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस मजेदार पल का वीडियो शेयर किया है। वीडियो की शुरुआत में शिवानी अपनी दोस्तों के साथ दिखाई देती हैं। इसके बाद कैमरा स्टोर के अंदर का नजारा दिखाता है। यहां स्टोर के बीचों-बीच एक महिला डीजे म्यूजिक बजाती नजर आती है। उसके आसपास कई लोग जमा होकर गानों पर डांस कर रहे होते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
ट्रॉली छोड़ डांस करने लगे लोग
वीडियो (Video) में सबसे मजेदार बात यह है कि पार्टी में शामिल ज्यादातर लोग वहां खरीदारी करने ही आए थे। लेकिन जैसे ही डीजे की धुन बजनी शुरू हुई, लोग खुद को रोक नहीं पाए। कोई दोस्तों के साथ झूमता नजर आया तो कोई म्यूजिक पर जमकर डांस करने लगा। कुछ देर के लिए सुपरमार्केट की गलियां किसी पार्टी वेन्यू जैसी दिखाई देने लगीं। लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आ रही थी। शिवानी ने इस वीडियो के साथ मजेदार अंदाज में लिखा कि अहमदाबाद में कुछ भी हो सकता है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए मजे
वीडियो वायरल (Video Viral) होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी मजेदार कमेंट कर रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि अहमदाबाद में हर दिन कुछ नया देखने को मिलता है। वहीं, एक यूजर ने मजाक में कहा कि अगर कोई रविवार के खाने के लिए सब्जियां खरीदने आया होगा, तो डांस के चक्कर में पत्तागोभी खरीदना ही भूल गया होगा। एक अन्य यूजर ने पुराने अहमदाबाद को याद करते हुए शहर में हो रहे बदलावों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। फिलहाल, किराना स्टोर के अंदर डीजे पार्टी का यह वीडियो लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
