सोशल मीडिया की दुनिया में हर दिन कुछ न कुछ अनोखा और मजेदार वायरल होता है। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक लड़के ने अपने जन्मदिन के मौके पर मिठाई की जगह पूरे क्लास में चीनी बांट दी। जन्मदिन के इस खास सेलिब्रेशन ने लड़के के बर्थडे को और भी खास बना दिया।
बर्थडे सेलिब्रेशन का अनोखा अंदाज
जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए हर कोई अपनी श्रद्धा के अनुसार काम करता है। कोई बहुत बड़ा जलसा करवाता है तो कुछ पूजा-पाठ के माध्यम से अपने आगे के जीवन को सकारात्मक बनाने की ख्वाहिश रखताे हैं। कई लोग तो जश्न के दौरान लोगों को खाना भी खिलाते हैं, मिठाइयां बांटी जाती हैं, और केक काटे जाते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस लड़के के वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़के ने ऐसा कुछ भी नहीं किया। लड़के ने अपने स्कूल में अपने जन्मदिन को इतनी सादगी से मनाया कि सादगी भी शरमा जाए।
बर्थडे पर बांटी चीनी
दरअसल, लड़का अपने जन्मदिन पर ना कोई केक काटता है, ना ही कोई मिठाई बांटता है। उसने बस अपने इस बर्थडे पर कुछ अलग करने की ठानी थी। ऐसे में वह अपने जन्मदिन के मौके पर अपने स्कूल के सहपाठियों को चीनी बांट देता है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि किसी एक स्कूल या कॉलेज की क्लास में लड़का अपने जन्मदिन के मौके पर एक डिब्बे में से चीनी चम्मच से निकाल कर अपने दोस्तों को बांट रहा है। एक-एक कर वह पूरे क्लास में चीनी बांट देता है। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई; उसके दोस्तों ने मजाक-मजाक में वह चीनी भी उससे दोबारा मांग ली।
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @dbgi_special नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो को देखने के बाद लोग लड़के की सादगी और मजेदार अंदाज की तारीफ करते थक नहीं रहे हैं। वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "अगली बार मुरमुरे ट्राई करना।" दूसरे ने लिखा, "ये तो बिल्कुल मेरे स्कूल के दिन याद दिला देता है, जब हम दोस्तों को तंग करने में कोई कसर नहीं छोड़ते थे।" तीसरे ने लिखा, "अगली बार मुरमुरे बांट देना दोस्त।" वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, "लड़के ने चीनी बांटी, लेकिन दोस्तों ने तो उसका बर्थडे ही यादगार बना दिया।"
