Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक जवान ने तत्परता और साहस दिखाते हुए चलती ट्रेन की चपेट में आने से एक यात्री की जान बचा ली। उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुई इस घटना में कांस्टेबल रामचंद्र यादव ने अपनी सूझबूझ से यात्री को चलती ट्रेन के नीचे जाने से बचाया। आरपीएफ जवान के इस साहसिक कदम से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब गाड़ी संख्या 17606 कांचीगुड़ा एक्सप्रेस उज्जैन रेलवे स्टेशन से रवाना हो रही थी। इसी दौरान इटारसी निवासी 40 वर्षीय संदीप चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन चलती ट्रेन में चढ़ने के कारण अचानक उनका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गए और घिसटने लगे।
खतरा देखते ही दौड़े कांस्टेबल
प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे RPF कांस्टेबल रामचंद्र यादव की नजर जैसे ही यात्री पर पड़ी, उन्होंने बिना देर किए उसकी तरफ दौड़ लगा दी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने यात्री को पकड़कर पूरी ताकत से ट्रेन से दूर खींच लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से संदीप कोच के नीचे जाने से बच गए। जिससे यात्री की जान बाल-बाल बच गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरपीएफ जवान यात्री की जान बचाते हुए नजर आ रहे हैं।
ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत दिखाई बहादुरी
यह कार्रवाई आरपीएफ के ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत की गई। कांस्टेबल रामचंद्र यादव ने जोखिम भरी स्थिति में तत्परता दिखाते हुए यात्री को सुरक्षित बचाया। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान यात्री का पैर फिसलने से स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी, लेकिन जवान की समय पर की गई मदद से उसकी जान बच गई। आरपीएफ कांस्टेबल के इस साहसिक और सराहनीय कार्य की प्रशंसा की जा रही है।
