रोबोट अब सिर्फ इंसानों का काम आसान करने तक सीमित नहीं हैं। आज रोबोट डांस भी कर सकते हैं और वह भी एक-दो नहीं, बल्कि हजारों की संख्या में एक साथ। ऐसा ही एक शानदार नजारा चीन में देखने को मिला। जिसका वीडियो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है।
चीन में बना था अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड
वीडियो (Video) के कैप्शन में बताया गया है कि यह नजारा साल 2017 में चीन में देखने को मिला था, जब एक साथ 1,069 रोबोट ने सिंक्रोनाइज्ड डांस करके सबको हैरान कर दिया था। यह अनोखा कारनामा चीन की WL Intelligent Technology Co. Ltd ने किया था। कंपनी ने बड़ी संख्या में रोबोट को एक साथ डांस करवाकर रिकॉर्ड बनाया था। खास बात यह थी कि सभी रोबोट एक ही समय पर एक जैसे स्टेप्स करते नजर आ रहे थे। हजारों रोबोट्स को एक साथ तालमेल के साथ डांस करते देखना किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लग रहा था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
एक साथ थिरके 1,069 रोबोट
साल 2017 में हुए इस आयोजन में कुल 1,069 मशीनों ने हिस्सा लिया। सभी रोबोटों को इस तरह प्रोग्राम किया गया था कि वे एक ही समय पर एक जैसे मूवमेंट कर सकें। रोबोटों का एक साथ आगे-पीछे होना, हाथ-पैर चलाना और डांस के स्टेप्स करना देखने में बेहद दिलचस्प था। इंसानों के लिए भी इतनी बड़ी संख्या में एक साथ बिल्कुल एक जैसे स्टेप्स करना आसान नहीं होता, लेकिन इन रोबोटों ने तकनीक की मदद से यह काम कर दिखाया।
अब रिकॉर्ड और भी आगे पहुंच चुका है
हालांकि 2017 में चीन की कंपनी ने 1,069 रोबोट के साथ यह शानदार रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन अब यह आंकड़ा और आगे बढ़ चुका है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इटली की TIM S.p.A. ने 1,372 रोबोटों के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है। अब सवाल सिर्फ यह नहीं है कि कितने रोबोट एक साथ डांस कर सकते हैं, बल्कि यह है कि अगली बार कौन इस संख्या को और आगे ले जाएगा।
