परिणीति चोपड़ा (Parineeti Chopra) जल्द ही फिल्म ‘रिपोर्टिंग लाइव’ (Reporting Live) में एक अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें वो एक निडर खोजी पत्रकार का किरदार निभा रही हैं। कहानी अवैध रेत खनन और उससे जुड़े माफिया के इर्द-गिर्द घूमती है। ट्रेलर में परिणीति एक हादसे के बाद इस मामले की तह तक जाने की कोशिश करती दिखाई देती हैं। जैसे-जैसे वह जांच आगे बढ़ाती हैं, उनके सामने कई चौंकाने वाले राज खुलते हैं और खतरा भी बढ़ता जाता है। उनके साथ देवेन भोजानी (Deven Bhojani) कैमरामैन के रोल में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन ध्रुव त्रिपाठी ने किया है। इसमें अमोल पालेकर (Amol Palekar), आदिल हुसैन (Adil Hussain) और शेखर सुमन (Shekhar Suman) भी अहम भूमिकाओं में हैं। ‘रिपोर्टिंग लाइव’ 9 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स (Netflix) पर रिलीज होगी।