Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना हुई। इस दुर्घटना में एक बस बिजली ट्रांसफार्मर से टकरा गई। बस के ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद उसमें आग लगने से तीन नेपाली यात्रियों की मौत हो गयी तथा 24 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि सोमवार देर रात करीब दो बजे सोनौली से दिल्ली जा रही नेपाली यात्रियों से भरी एक बस फुलवरिया बाईपास पर एक कंटेनर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर बिजली के ट्रांसफार्मर से जा टकरायी। ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद बस में आग लग गई। इस घटना में तीन यात्रियों की झुलसकर मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि बस में सवार घटना में 24 अन्य यात्री भी झुलस गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से छह की गंभीर हालत के मद्देनजर उन्हें हायर सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।
डीएम विपिन जैन ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। इसके अलावा कुछ लोग मामूली तौर पर जख्मी थे, उन्हें दिल्ली एवं नेपाल के लिए रवाना किया जा रहा है। हादसे में घायल लोगों को ले जाने के लिए वाहन एवं टिकट की व्यवस्था करा दी गई है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन घायलों के परिवारों से संपर्क बनाए हुए है। उन्हें हरसंभव मदद दी जा रही है।
