बिहार

बिहार में नेपाल बॉर्डर के पास मानव तस्करों का तांडव, 6 महीने में 100 से ज्यादा लड़कियां गायब

बिहार में नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों से पिछले 6 महीनों में 100 से ज्यादा लड़कियां लापता हो चुकी हैं। बॉर्डर क्षेत्र में सक्रिय मानव तस्करों के गिरोह नेपाल, चीन, ब्राजील, सऊदी अरब जैसे देशों से जुड़े हैं। तस्कर इन लड़कियों को विदेशों में बेचकर पैसा कमा रहे हैं।

Image

उत्तर बिहार में मानव तस्करी की घटनाएं चरम पर (AI Image)

KEY HIGHLIGHTS
  • नेपाल, चीन, ब्राजील, सऊदी अरब में की जा रही लड़कियों की तस्करी
  • नशा कारोबारी द्वारा लड़कियों से नशे की तस्करी भी करवा रहे
  • बच्चे पैदा करने और देह व्यापार के लिए भेजा जा रहा विदेश

बिहार में मानव तस्करी यानी ह्यूमन ट्रैफिंकिंग का धंधा जोरों पर है। पिछले 6 महीने में ही नेपाल बॉर्डर के जिलों से 100 से ज्यादा लड़कियां गायब हो चुकी हैं। हर बार लड़कियों के गायब होने से इलाके में सनसनी फैलती है, लेकिन कुछ ही दिनों में मामला आया-गया हो जाता है। लड़कियों के इस तरह गायब होने के मामले अब मानवाधिकार आयोग तक पहुंच चुके हैं।

एडवोकेट एसके झा ने इस संबंध में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग में दो अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं। उन्होंने चिंता भी जतायी है कि नेपाल, चीन, ब्राजील और सऊदी अरब जैसे देशों में बिहार से लड़कियों की तस्करी की जा रही है। मोतिहारी के पास भारत-नेपाल सीमा पर अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह सक्रिय हैं।

यहां से गायब होने वाली लड़कियों की संख्या की बात करें तो जुलाई में 10 लड़कियां गायब हुईं थीं, जबकि अगस्त में 18, सितंबर में 17, अक्टूबर में 15 और नवंबर में भी 15 लड़कियां गायब हो चुकी है। यही नहीं नशा कारोबारी लड़कियों का इस्तेमाल नशीले पदार्थों की तस्करी में भी कर रहे हैं।

एडवोकेट एसके झा के अनुसार, लड़कियों को विदेशों में शादी कराकर, बच्चे पैदा करने और देह व्यापार के लिए भेजा जा रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले 6 महीनों में 100 से ज्यादा लड़कियां गायब हो चुकी हैं।

हालांकि, हाल ही में करीब एक दर्जन लड़कियों को रेस्क्यू भी किया गया है। लेकिन रेस्क्यू की गई लड़कियों की संख्या काफी कम है। रेस्क्यू की गई लड़कियों में से 4 तो एक ही परिवार से थीं। लगातार लड़कियों के गायब होने के चलते बॉर्डर क्षेत्र के निवासियों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।

इस तरह से लगातार लड़कियों के गायब होने से पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। मानवाधिकार आयोग से मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की जा रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article