यूटिलिटी

UPI पेमेंट करते समय भूलकर भी न करें ये गलतियां, पलभर में खाली हो सकता है बैंक खाता

आज के समय में हर दूसरा व्यक्ति यूपीआई के जरिए पेमेंट कर रहा है। यह काम सेकेंड भर में आसानी से हो जाता है। हालांकि, सेकेंड भर का यह काम ही आपके लिए एक बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकता है।

Image

UPI पेमेंट करते समय भूलकर भी न करें ये गलतियां (X handle/@IndiaPostOffice)

UPI Payment Safety: UPI का इस्तेमाल आज छोटे-बड़े लगभग हर तरह के पेमेंट के लिए किया जाता है। यूपीआई के जरिए कुछ ही सेकेंड में पैसे ट्रांसफर हो जाते हैं। लेकिन जल्दबाजी या थोड़ी-सी लापरवाही से UPI पेमेंट करते समय धोखाधड़ी या गलत ट्रांजैक्शन का जोखिम बढ़ सकता है। इसलिए पेमेंट करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। आइए जानते हैं UPI इस्तेमाल करते समय कौन-सी गलतियों से बचना चाहिए-

रिसीवर की जानकारी न जांचना

UPI से पेमेंट करते समय सबसे आम गलती जल्दबाजी में पैसे भेजना है। किसी व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर करने से पहले उसका नाम, UPI ID या रिसीवर की जानकारी जरूर चेक कर लेनी चाहिए। खासकर बड़ी रकम भेजते समय यह जरूर चेक करें कि पैसा सही व्यक्ति के खाते में जा रहा है। गलत UPI ID पर भेजा गया पैसा वापस मिलना हमेशा आसान नहीं होता।

UPI PIN किसी के साथ शेयर करना

UPI PIN बेहद संवेदनशील जानकारी है। इसे बैंक कर्मचारी, कस्टमर केयर, दुकानदार, दोस्त या किसी अनजान व्यक्ति के साथ कभी शेयर नहीं करना चाहिए। बैंक या UPI सेवा देने वाली कंपनी आमतौर पर आपसे UPI PIN बताने के लिए नहीं कहती। अगर कोई फोन कर PIN मांगता है, तो यह स्कैमर की चाल हो सकती है।

पैसे पाने के लिए PIN डालना

यूपीआई को लेकर एक और बड़ी गलती यह मानना है कि पैसे रिसीव करने के लिए UPI PIN डालना जरूरी है। आम तौर पर किसी को पैसे भेजने या बैंक खाते से पेमेंट करने के लिए PIN की जरूरत होती है। अगर कोई व्यक्ति पैसे भेजने के नाम पर आपसे UPI PIN डालने या किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने के लिए कहता है, तो यह एक जाल हो सकता है।

अनजान लिंक और QR कोड पर भरोसा करना

स्कैमर्स कई बार रिफंड, कैशबैक, ऑफर या किसी दूसरे बहाने से लिंक भेजते हैं। ऐसे लिंक पर क्लिक करने या अनजान QR Code स्कैन करने से बचें। QR कोड स्कैन करने से पहले यह समझें कि आप किसे भुगतान कर रहे हैं। किसी अनजान व्यक्ति के बताए QR कोड को स्कैन न करें।

मोबाइल और UPI App को असुरक्षित छोड़ना

UPI ऐप इस्तेमाल करने वाले फोन को बिना लॉक के छोड़ना भी जोखिम भरा हो सकता है। फोन में स्क्रीन लॉक, ऐप लॉक और जरूरी सुरक्षा फीचर का इस्तेमाल करें। UPI ऐप और मोबाइल के ऑपरेटिंग सिस्टम को समय-समय पर अपडेट करते रहें। किसी अनजान ऐप को बैंकिंग या संवेदनशील जानकारी की अनुमति देने से भी बचें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article