यूटिलिटी

New PAN Card Documents List: नया पैन कार्ड बनवाने के लिए कौन-कौन से डॉक्यूमेंट्स हैं जरूरी? देखें पूरी लिस्ट

अगर आप नया पैन (PAN) कार्ड बनवाने की तैयारी कर रहे हैं तो यह जानकारी आपके काम की साबित हो सकती है। अब पैन कार्ड के लिए केवल आधार काफी नहीं होगा, कई दूसरे डॉक्यूमेंट्स की भी जरूरत होगी।

Image

PAN Card बनवाने के लिए कौन-से डॉक्यूमेंट्स चाहिए (AI Generated Image)

New PAN Card Documents List: अगर आप नया पैन (PAN) कार्ड बनवाने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए नए नियमों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। सरकार ने 1 अप्रैल 2026 से पैन कार्ड आवेदन प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू किए हैं। इन बदलावों के तहत अब केवल आधार कार्ड के आधार पर पैन कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा, आवेदन फॉर्म भी बदल दिए गए हैं और कुछ अतिरिक्त दस्तावेज जमा करना अनिवार्य कर दिया गया है।

अब आधार के साथ देने होंगे अतिरिक्त दस्तावेज

नए नियमों के अनुसार, अब केवल आधार कार्ड के जरिए पैन कार्ड के लिए आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवेदन करते समय आधार के साथ जन्मतिथि और पहचान से जुड़े अन्य वैलिड डॉक्यूमेंट्स भी जमा करने होंगे। इससे आवेदक की पहचान का बेहतर सत्यापन किया जा सकेगा और गलत या फर्जी जानकारी के आधार पर पैन जारी होने की संभावना कम होगी।

पैन आवेदन के लिए बदले गए फॉर्म

सरकार ने पुराने पैन आवेदन फॉर्म को भी बदल दिया है। 1 अप्रैल 2026 से पुराने फॉर्म मान्य नहीं होंगे।

  • भारतीय नागरिकों और भारतीय कंपनियों को अब Form 93 भरना होगा।
  • अनिवासी भारतीय (NRI) और अन्य विदेशी संस्थाओं के लिए अब Form 95 लागू किया गया है।

नया पैन कार्ड बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज

  • आधार कार्ड
  • जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate)
  • वोटर आईडी कार्ड
  • 10वीं (मैट्रिक) का प्रमाण पत्र
  • ड्राइविंग लाइसेंस
  • पासपोर्ट
  • मजिस्ट्रेट द्वारा जारी शपथ पत्र (Affidavit)
  • अन्य मान्य सरकारी दस्तावेज

इन दस्तावेजों की मदद से आवेदक की पहचान और जन्मतिथि का सत्यापन किया जाएगा।

आधार के अनुसार ही होगा पैन पर नाम

नए नियमों के तहत एक और बड़ा बदलाव यह किया गया है कि पैन कार्ड पर वही नाम दर्ज होगा, जो आधार कार्ड में दर्ज है। यानी अब आधार और पैन के नाम में किसी भी प्रकार का अंतर स्वीकार नहीं किया जाएगा। अगर आधार में नाम या कोई दूसरी जानकारी गलत है, तो पहले उसे अपडेट करवाना बेहतर होगा, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न आए।

ऐसे करें नए पैन कार्ड के लिए आवेदन

  • सबसे पहले PAN आवेदन की आधिकारिक वेबसाइट (https://www.pan.utiitsl.com/PAN/) पर जाएं।
  • अपनी पात्रता के अनुसार फॉर्म चुनें। भारतीय नागरिक Form 93 और अनिवासी Form 95 का चयन करें।
  • अब अपना नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जैसी व्यक्तिगत जानकारी भरें।
  • पहचान सत्यापन के लिए आधार नंबर दर्ज करें।
  • आधार कार्ड और जन्मतिथि से संबंधित आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।
  • निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।

आवेदन जमा करने के बाद प्राप्त Acknowledgement Number को अपने पास सुरक्षित रख लें। इसी नंबर की मदद से आप अपने आवेदन की स्थिति (Application Status) ट्रैक कर सकेंगे और पैन कार्ड डाउनलोड या प्राप्त कर सकेंगे।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article