Indian Railways Rules: भारत में ट्रेन से रोजाना लाखों लोग सफर करते हैं। ऐसे में कई बार ऐसी स्थिति भी बन जाती है जब कोई यात्री दूसरे यात्री की रिजर्व सीट पर बैठा हुआ मिलता है। रिजर्व सीट पर कोई और बैठ जाए तो ऐसी स्थिति में अधिकतर लोग बहस करने लगते हैं और कई बार यह बहस बड़े झगड़े का रूप भी ले लेती है। ऐसी स्थिति में घबराने या झगड़ा करने की बजाय नियमों के अनुसार ही सही कदम उठाना चाहिए। आपके साथ ट्रेन में ऐसा न हो, इसके लिए नियमों की जानकारी पहले ही होना बेहद जरूरी है।
टिकट दिखाकर लें सीट
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि अगर आपने कन्फर्म टिकट लिया है, तो उस सीट पर आपका पूरा अधिकार होता है। रेलवे के नियमों के अनुसार किसी दूसरे यात्री को आपकी सीट पर बैठने का अधिकार नहीं है। अगर कोई व्यक्ति आपकी सीट पर बैठा है और आपसे एडजस्ट करने को कह रहा है या बहस कर रहा है तो आप पहले विनम्रता से उसे अपनी टिकट दिखाकर सीट खाली करने के लिए कह सकते हैं।
TTE से करें संपर्क
वहीं, अगर सामने वाला व्यक्ति सीट छोड़ने से मना कर दे, तो अगला कदम है ट्रेन में मौजूद TTE (ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर) से संपर्क करना होता है। TTE के पास यह अधिकार होता है कि वह सही यात्री को उसकी सीट दिलवाए और जरूरत पड़ने पर गलत तरीके से बैठे व्यक्ति को वहां से हटाए।
139 पर भेजें मैसेज
हालांकि, कई बार TTE भी आसपास नहीं होता ऐसे में भी आपको बहस करने से बचना है। अपनी शिकायत TTE तक पहुंचाने के लिए आप एक मैसेज भी कर सकते हैं। सीट खाली करवाने के लिए आप 139 पर मैसेज भेजें। इसमें सबसे पहले SEAT इसके बाद PNR number इसके बाद अपना Seat number और इसके बाद OCCUPIED BY UNKNOWN PASSENGER टाइप करना होगा।
SEAT PNR number Seat number OCCUPIED BY UNKNOWN PASSENGER
यह मैसेज ट्रेन में मौजूद TTE को तुरंत मिलता है और वह नियमों के अनुसार, आपको आपकी सीट दिलवाता है।
आप RailMadad ऐप/पोर्टल के जरिए भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
रेलवे नियमों के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति बिना अधिकार के किसी और की रिजर्व सीट पर कब्जा करता है और हटने से मना करता है तो उसे हटाया जा सकता है और उस पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। यह सुविधाएं यात्रियों की मदद के लिए ही बनाई गई हैं ताकि यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक बनी रहे।
