यूटिलिटी

Train की तरह अब Metro से भी भेज सकेंगे सामान, जानिए कैसे काम करेगा नया सिस्टम

एक शहर से दूसरे शहर सामान भेजने की बात हो या एक राज्य से दूसरे राज्य, अभी तक ट्रेन के जरिए सामान भेजने की सुविधा काम आती थी। अब मेट्रो के जरिए भी सामान भेजा जाएगा।

Image

ट्रेन की तरह अब मेट्रो से भी भेज सकेंगे सामान (AI Generated Image)

अब तक आपने ट्रेन के जरिए एक शहर से दूसरे शहर तक सामान भेजने की सुविधा के बारे में सुना होगा, लेकिन अब मेट्रो रेल के जरिए भी सामान की ढुलाई होगी। इस सुविधा के लिए रेलवे की तरह ही इलेक्ट्रॉनिक वे-बिल (E-Way Bill) सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे कारोबारियों और सामान भेजने वाली कंपनियों को ट्रांसपोर्ट का एक नया विकल्प मिल सकता है।

ई-वे बिल में जुड़ा मेट्रो का नया विकल्प

जीएसटी नेटवर्क (GSTN) ने ई-वे बिल सिस्टम में मेट्रो रेल को ट्रांसपोर्ट के पांचवें माध्यम के रूप में शामिल किया है। इससे पहले इस सिस्टम में सड़क, रेलवे, हवाई और जलमार्ग से सामान भेजने के विकल्प मौजूद थे। अब मेट्रो रेल से होने वाली माल की आवाजाही का रिकॉर्ड भी ई-वे बिल में दर्ज किया जा सकेगा। यह बदलाव 26 अक्टूबर 2026 को जारी सरकारी नोटिफिकेशन के बाद किया गया है। इसके तहत 1 नवंबर 2026 से CGST Rules, 2017 के नियम 138(2A) में मेट्रो रेल को शामिल किया गया है।

मेट्रो से सामान भेजने के लिए क्या करना होगा?

अगर कोई कारोबारी मेट्रो रेल के जरिए सामान की ढुलाई करता है तो उसे ई-वे बिल बनाते समय ट्रांसपोर्ट के विकल्प में Metro Rail चुनना होगा। इसके साथ ट्रांसपोर्ट डॉक्यूमेंट नंबर दर्ज करना भी जरूरी होगा। यह जानकारी दिए बिना प्रक्रिया पूरी नहीं होगी। खास बात यह है कि यह सुविधा केवल नया ई-वे बिल बनाने तक सीमित नहीं है। कारोबारी इसका इस्तेमाल पहले से बने ई-वे बिल में परिवहन की जानकारी अपडेट करने और कंसोलिडेटेड ई-वे बिल बनाने या दोबारा जनरेट करने के लिए भी कर सकते हैं।

50,000 से ज्यादा के सामान पर जरूरी है ई-वे बिल

जीएसटी के नियमों के मुताबिक, सामान्य तौर पर 50,000 रुपये या उससे ज्यादा कीमत के सामान को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए ई-वे बिल जरूरी होता है। यह नियम राज्य के अंदर और एक राज्य से दूसरे राज्य में सामान भेजने, दोनों पर लागू होता है।

क्या होता है ई-वे बिल?

ई-वे बिल एक इलेक्ट्रॉनिक डॉक्यूमेंट है, जिसमें सामान की कीमत, उसकी जानकारी और परिवहन से जुड़ी डिटेल दर्ज होती है। इससे सरकार को माल की आवाजाही पर नजर रखने और टैक्स से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article