LPG की किल्लत को लेकर हाल ही में सरकार ने कहा था कि जिन इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा है, उन इलाके के लोगों को हर हाल में पीएनजी का कनेक्शन लेना होगा। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो उनके एलपीजी गैस कनेक्शन को रद्द कर दिया जाएगा। अब सरकार खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए लोगों से एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करने की अपील कर रही है। सरकार ने सीधे तौर पर कहा है कि एलपीजी कनेक्शन को अब घर बैठे ही ऑनलाइन सरेंडर किया जा सकता है। आइए तरीका जानते हैं...
“माय पीएनजी” पोर्टल से आसान हुई प्रक्रिया
इसके लिए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा “माय पीएनजी” (MyPNGD) पोर्टल लॉन्च किया गया है। इस पोर्टल की मदद से पीएनजी उपभोक्ता अब बिना किसी झंझट के ऑनलाइन एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि जिन घरों में PNG पहुंच चुकी है, वहां LPG पर निर्भरता कम की जाए।
घर बैठे ऐसे करें LPG कनेक्शन सरेंडर
सरकार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करने की प्रक्रिया बेहद सरल है। सबसे पहले उपभोक्ता को MyPNGD.in वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर या एलपीजी आईडी दर्ज करनी होगी। फिर सरेंडर अनुरोध सबमिट करना होगा। अनुरोध सबमिट करने के बाद संबंधित एलपीजी वितरक उपभोक्ता से संपर्क करेगा। इसके बाद आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की जाएगी, सिलेंडर वापस लिया जाएगा और रिफंड की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
क्यों दिया जा रहा है LPG सरेंडर करने का विकल्प?
सरकार का मानना है कि जहां PNG की सुविधा उपलब्ध है, वहां एलपीजी कनेक्शन बनाए रखना जरूरी नहीं है। इससे एक ही घर में दो तरह के ईंधन का उपयोग कम होगा और गैस वितरण प्रणाली भी अधिक प्रभावी बनेगी। इस नई सुविधा से उपभोक्ताओं को कई फायदे मिलेंगे। उन्हें गैस एजेंसी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी हो जाएगी। साथ ही, सिलेंडर जमा करने और रिफंड लेने में भी पारदर्शिता बनी रहेगी।
