उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में शामिल गंगा एक्सप्रेसवे (Ganga Expressway) का उद्घाटन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका लोकार्पण किया है। करीब 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज को जोड़ेगा और यात्रा को पहले से काफी आसान और तेज बना देगा, लेकिन इसी बीच लोगों के मन में एक सवाल यह भी है कि आखिर गंगा एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स कितना लगेगा?
दूरी के हिसाब से लगेगा टोल
इस एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स आपकी यात्रा की दूरी के आधार पर तय किया गया है यानी जितनी दूरी तय करेंगे, उसी के अनुसार भुगतान करना होगा। अलग-अलग वाहनों के लिए अलग टोल दरें निर्धारित की गई हैं, हालांकि अभी तक टोल किराए की कोई आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है।
कार और बाइक के लिए टोल दरें
टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर और ट्रैक्टर के लिए लगभग 1.28 रुपये प्रति किलोमीटर का टोल लगेगा। वहीं, कार, जीप और वैन जैसे हल्के मोटर वाहनों के लिए यह दर करीब 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर होगी। अगर कोई व्यक्ति मेरठ से प्रयागराज तक पूरा सफर कार से करता है, तो उसे लगभग 1,500 रुपये या उससे अधिक का टोल देना पड़ सकता है।
कमर्शियल वाहनों के लिए अलग दरें
छोटे कॉमर्शियल वाहन और मिनी बसों के लिए टोल करीब 4.05 रुपये प्रति किलोमीटर निर्धारित किया गया है। वहीं बड़े बस और ट्रकों के लिए यह दर लगभग 8.15 रुपये प्रति किलोमीटर होगी।
12 जिलों को जोड़ेगा एक्सप्रेसवे
यह एक्सप्रेसवे मेरठ से शुरू होकर प्रयागराज तक जाएगा और रास्ते में 12 जिलों- मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज को जोड़ेगा। इससे प्रदेश में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
टोल प्लाजा और इंटरचेंज की व्यवस्था
पूरे एक्सप्रेसवे पर कुल 21 इंटरचेंज बनाए गए हैं। इसके अलावा 2 मुख्य टोल प्लाजा, 2 अतिरिक्त मुख्य प्लाजा और 19 रैंप टोल प्लाजा प्रस्तावित हैं। मुख्य टोल प्लाजा मेरठ और प्रयागराज में होंगे, जबकि अन्य एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर रैंप टोल की व्यवस्था रहेगी।
समय की होगी बड़ी बचत
इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से मेरठ से प्रयागराज के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। जहां पहले यह सफर 12 से 13 घंटे में पूरा होता था, अब इसे महज 6 से 7 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इस सड़क पर वाहन 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगे।
