सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को प्रधान न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले वकील के विरुद्ध अवमानना की कार्रवाई के अनुरोध वाली याचिका पर 18 नवंबर को सुनवाई करने पर सहमति जताई। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) ने वकील के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई का अनुरोध करते हुए यह याचिका दायर की है।
अवमानना की कार्यवाही शुरू करने के अनुरोध वाली याचिका दायर
प्रधान न्यायाधीश और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची एवं न्यायमूर्ति वी मोहना की पीठ के समक्ष याचिका को तत्काल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का अनुरोध किया गया है। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) की सचिव अधिवक्ता प्रज्ञा बघेल और संयुक्त सचिव अधिवक्ता मीनेष दुबे ने पीठ के समक्ष इस मामले का उल्लेख किया। उन्होंने पीठ को सूचित किया कि उन्हें वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने के अनुरोध वाली याचिका दायर करने के लिए अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी की सहमति मिल गई है।
पीठ ने कहा कि याचिका को बुधवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा। सोमवार को एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में एक वकील को कथित तौर पर प्रधान न्यायाधीश के खिलाफ निराधार और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद शीर्ष अदालत के कक्ष से बाहर कर दिया गया था। सोमवार दोपहर को प्रधान न्यायाधीश और न्यायमूर्ति बागची एवं न्यायमूर्ति मोहना की पीठ के बैठने के बाद वकील ने न्यायपालिका में कथित भ्रष्टाचार के संबंध में अपनी दलीलों पर तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि दो नवंबर को इस मुद्दे पर भेजे गए उनके पत्र का प्रधान न्यायाधीश के कार्यालय से कोई जवाब नहीं मिला है। वकील ने शीर्ष अदालत से तुरंत सुनवाई करने का आग्रह किया। न्यायमूर्ति मोहना ने कहा, आप इस तरह की किसी बात का उल्लेख नहीं कर सकते। जब वकील अपनी बात पर अड़ा रहा तो प्रधान न्यायाधीश ने कहा, हम देखेंगे, आप अभी इंतजार कीजिए।
हालांकि, इसके बाद वकील ने कथित तौर पर प्रधान न्यायाधीश के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। वकील ने कहा, नहीं, मैं इंतजार नहीं करूंगा। आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते। आप इसके लायक नहीं हैं। आपमें वह ईमानदारी नहीं है। इसके बाद अदालत की ऑनलाइन कार्यवाही कुछ समय के लिए रोक दी गई। बाद में सूत्रों ने बताया कि वकील को वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी अदालत कक्ष से बाहर ले गए।
