RBI की नई पहल: अब नोट पहचानना हुआ आसान,11 भाषाओं में काम करेगा MANI ऐप

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 23, 2022, 03:48 PM IST

RBI MANI APP: आरबीआई ने अब MANI (Mobile Aided Note Identifier) APP को 11 भाषाओं में अपडेट कर दिया है। अभी तक हिंदी और अंग्रेजी भाषा में ही MANI ऐप उपलब्ध था।

RBI की नई पहल: अब नोट पहचानना हुआ आसान,11 भाषाओं में काम करेगा MANI ऐप
Photo Credit: BCCL

RBI MANI APP:नेत्रहीनों (Visually Impaired) के लिए नोट पहचानने की समस्या हमेशा रहती है। इसकी वजह से कई बार उन्हें नुकसान भी उठाना पड़ता है। इसी परेशानी को देखते हुए आरबीआई ने अब MANI (Mobile Aided Note Identifier) APP को 11 भाषाओं में अपडेट कर दिया है। अभी तक हिंदी और अंग्रेजी भाषा में ही MANI ऐप उपलब्ध था। अब यह ऐप उर्दू, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, उड़िया, पंजाबी, तमिल और तेलगू भाषा में उपलब्ध होगा। साथ ही यह ऐप पूरी तरह मुफ्त होगा।

क्या है MANI APP

MANI APP को आरबीआई ने जनवरी 2020 में लांच किया था। इसका उद्देश्य नेत्रहीन लोगों को नोट पहचानने में आ रही दिक्कतों को दूर करना था। ऐप की मदद से कोई भी व्यक्ति , नोट की पहचान कर सकता है। व्यक्ति के हाथ में कौन सा नोट हैं, वह ऐप के जरिए आवाज में सुनाई देगा। ऐसे में नेत्रहीन लोग बेहद आसानी से यह जान सकेंगे, कि उनके पास कौन सा नोट है। हालांकि यह ऐप नकली-असली की पहचान नहीं कराएगा। यह केवल नोट के डिनॉमिनेशन के बारे में बताएगा। इस ऐप को एंड्रॉयड और ios प्लेटफॉर्म दोनों पर डाउनलोड किया जा सकेगा। साथ ही जिन लोगों ने पहले से दो भाषाओं वाला अपेडट डाउनलोड किया हुआ है, वह उसे अपडेट भी कर सकेंगे।

कैसे काम करता है  MANI APP

जब किसी व्यक्ति को नोट की पहचान करने की जरूरत होगी, तो उसे ऐप को डाउनलोड करना होगा। उसके बाद ऐप के जरिए नोट को स्कैन करना होगा। जैसे ही नोट स्कैन होगा। वैसे ही वह नोट की वैल्यू के अनुसार बोलने लगेगा। यानी अगर किसी के हाथ में 500 रुपये का नोट है, तो स्कैनिंग के बाद ऐप से 500 रुपये की आवाज आएगी। जिससे नोटधारक यह जान पाएगा, कि उसके हाथ में कौन सा नोट है। 

किसी भी साइड से और मुड़े होने पर भी करेगा पहचान

इस ऐप के जरिए दिन और रात या अंधेरे में  भी नोट की पहचान की जा सकेगी। साथ ही अगर नोट मुड़ा हुआ है, नोट के सामने वाले हिस्से या पीछे वाले हिस्से की फोटो ली गई है। तो भी यह ऐप आवाज के जरिए नोटधारक को उसकी वैल्यू बता देगा। साथ ही इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि नोट की किसी भी एंगल से तस्वीर लेने पर वह काम करेगा। ऐसे में नोटधारक को नोट की पहचान करने में कोई दिक्कत नहीं आएगी।

End of Article