यूटिलिटी

Quick Commerce Platforms पर सस्ता सामान पड़ेगा महंगा, ऑर्डर करने से पहले चेक करें ये 5 एक्स्ट्रा चार्ज

कई बार किसी सामान की अचानक जरूरत पड़ती है तो हम उसे कम कीमत देखकर क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स से मंगवाने के बारे में सोचते हैं। लेकिन कार्ट में सामान ऐड करते ही उसके लिए ज्यादा पेमेंट करनी पड़ जाती है।

Image

क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर सस्ता सामान न पड़ जाए महंगा (Photo: iStock)

Quick Commerce Hidden Charges: आजकल घर में किसी सामान की अचानक जरूरत पड़ने पर लोग क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स (Quick Commerce) का सहारा लेते हैं। किराना, दूध, स्नैक्स से लेकर ब्यूटी प्रोडक्ट्स तक कुछ ही मिनटों में घर पहुंच जाते हैं। इन प्लेटफॉर्म्स पर कई बार सामान की कीमत पर आकर्षक डिस्काउंट भी दिखाई देता है। लेकिन क्या वाकई ऑनलाइन ऑर्डर करना हमेशा सस्ता पड़ता है? जरूरी नहीं। कई बार प्रोडक्ट पर मिलने वाला डिस्काउंट अलग-अलग एक्स्ट्रा चार्ज के कारण बेअसर हो जाता है। ऐसे में लोकल मार्केट के मुकाबले सामान महंगा पड़ सकता है। इसलिए किसी भी सामान को ऑनलाइन ऑर्डर करने से पहले कुछ एक्स्ट्रा चार्ज के बारे में जरूर जान लें-

डिलीवरी चार्ज

क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म (Blinkit , Zepto, Instamart) पर सामान की कीमत कम दिखाई दे सकती है, लेकिन ऑर्डर करते समय डिलीवरी चार्ज जुड़ जाता है। कई प्लेटफॉर्म न्यूनतम ऑर्डर वैल्यू से कम खरीदारी करने पर डिलीवरी फीस लेते हैं। कुछ जगहों पर मेंबरशिप या ऑफर के तहत यह चार्ज माफ भी हो सकता है। इसलिए पेमेंट से पहले डिलीवरी फीस जरूर देखें।

हैंडलिंग और पैकेजिंग चार्ज

कई प्लेटफॉर्म सामान की पैकिंग, उसे तैयार करने और ऑर्डर प्रोसेस करने के नाम पर हैंडलिंग या पैकेजिंग चार्ज वसूलते हैं। यह रकम भले ही छोटी लगे, लेकिन कम कीमत वाले सामान के साथ जुड़कर कुल बिल बढ़ा सकती है। एक से ज्यादा ऑर्डर करने पर इसका असर और ज्यादा हो सकता है।

प्लेटफॉर्म फीस

कुछ क्विक कॉमर्स ऐप्स ऑर्डर की कुल राशि पर अलग से प्लेटफॉर्म फीस लगाते हैं। यह चार्ज डिलीवरी फीस से अलग होता है। ग्राहक को सामान की कीमत पर डिस्काउंट दिखता है, लेकिन चेकआउट के समय प्लेटफॉर्म फीस जुड़ने से बचत कम हो जाती है।

सर्ज या पीक टाइम चार्ज

बारिश, त्योहार, ज्यादा डिमांड या बिजी समय में कुछ प्लेटफॉर्म अतिरिक्त सर्ज चार्ज लगा सकते हैं। ऐसे समय पर जल्दी डिलीवरी की सुविधा महंगी पड़ सकती है। अगर सामान की तुरंत जरूरत नहीं है तो कुछ समय इंतजार करना या लोकल मार्केट से खरीदना बेहतर विकल्प हो सकता है।

छोटे ऑर्डर और अन्य अतिरिक्त फीस

कुछ प्लेटफॉर्म न्यूनतम ऑर्डर वैल्यू से कम खरीदारी पर स्मॉल कार्ट फीस या अन्य अतिरिक्त चार्ज लगा सकते हैं। इसके अलावा कुछ पेमेंट विकल्पों पर लागू फीस भी बिल बढ़ा सकती है। इसलिए ऑर्डर की अंतिम राशि और सभी चार्ज की जानकारी ध्यान से पढ़ें।

डिस्काउंट नहीं, फाइनल बिल देखकर करें फैसला

ऑनलाइन खरीदारी में असली बचत तभी हो सकती है जब सभी चार्ज जोड़ने के बाद सामान की कीमत लोकल मार्केट से कम हो। उदाहरण के लिए अगर किसी प्रोडक्ट की कीमत 180 रुपये है और ऑनलाइन लेने पर डिस्काउंट के बाद वह 150 रुपये का मिल रहा है, लेकिन 45 रुपये के अतिरिक्त चार्ज जुड़ जाते हैं तो उसकी कीमत 180 रुपये से ज्यादा हो जाएगी। इसलिए केवल डिस्काउंट देखकर ऑर्डर न करें। पहले फाइनल बिल की तुलना करें और जरूरत के हिसाब से खरीदारी करें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article