यूटिलिटी

दिवाली 2026: ऑनलाइन सोना-चांदी के सिक्के खरीदते समय ध्यान रखें ये बातें, मिनटों में डिलीवरी के चक्कर में न करें गलती

Online Gold-SIlver Buying Tips: ऑनलाइन सोना-चांदी खरीदते समय भारी डिस्काउंट के झांसे में न आएं। शुद्धता, वजन, सर्टिफिकेट, ज्वेलर की क्रेडिबिलिटी और रीसेल नियमों की पूरी जांच करने के बाद ही सुरक्षित खरीदारी करें।

Image

सोना-चांदी खरीदने से पहले ये बात जरूर जानना चाहिए

Photo : iStock

Online Gold Buying Tips : दिवाली के पावन अवसर पर क्या आप भी सोने या चांदी के सिक्के खरीदने की योजना बना रहे हैं? आजकल ई-कॉमर्स और क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के जरिए घर बैठे महज 5 से 10 मिनट में सोने-चांदी की डिलीवरी पाना बेहद आसान हो गया है। कल्याण ज्वेलर्स, MMTC-PAMP, मालाबार, तनिष्क और जोयालुक्कास जैसे देश के दिग्गज और भरोसेमंद ब्रांड्स भी अपने सिक्के इन प्लेटफॉर्म्स पर बेच रहे हैं। लेकिन इस सुविधा और जल्दबाजी के बीच यह भूलना भारी पड़ सकता है कि कीमती सामानों की खरीदारी में सतर्कता सबसे ज्यादा जरूरी है। अगर आप ऑनलाइन सोने या चांदी का सिक्का ऑर्डर करने जा रहे हैं, तो भुगतान करने से पहले इन 5 जरूरी बातों की जांच जरूर कर लें:-

भारी डिस्काउंट के झांसे में न आएं

दिवाली के दौरान ऑनलाइन शॉपिंग ऐप्स पर 20% से लेकर 70% तक की भारी छूट के विज्ञापन दिखाई देते हैं। कई बार यह डिस्काउंट सामान की असली कीमत के बजाय बढ़ाई गई (MRMP) दर पर दिखाया जाता है। सिर्फ डिस्काउंट देखकर फैसला न लें। बाजार में चल रहे सोने-चांदी के असली रेट से सिक्के की कीमत की तुलना करें। GST, डिलीवरी चार्ज, प्लेटफॉर्म फीस और अन्य छिपे हुए खर्चों को जोड़ने के बाद जो कुल रकम बने, उसी को ध्यान में रखकर खरीदारी का निर्णय लें।

शुद्धता, वजन और सर्टिफिकेशन की जांच करें

ऑनलाइन मिलने वाले सोने के सिक्के आमतौर पर 24 कैरेट (999 शुद्धता) या 22 कैरेट के होते हैं। केवल स्क्रीन पर दिख रही तस्वीर देखकर भरोसा न करें, बल्कि प्रोडक्ट के विवरण (Description) को ध्यान से पढ़ें। सर्टिफिकेट जरूरी है, सोने के गहनों की तरह सिक्कों के लिए BIS हॉलमार्किंग अनिवार्य नहीं होती है। इसलिए यह सुनिश्चित करें कि सिक्के के साथ मैन्युफैक्चरर का 'अस्से सर्टिफिकेट' (Assay Certificate) जरूर मिले। ओटीपी देने से पहले जांचें, जब डिलीवरी बॉय सामान लेकर आए, तो उसे OTP देने से पहले सिक्के के वजन और सर्टिफिकेट की जानकारी अपने ऑर्डर से जरूर मिला लें।

असली विक्रेता और मैन्युफैक्चरर की पहचान करें

ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म केवल सामान बेचने और आपके घर तक पहुंचाने का जरिया (मिडिलमैन) होते हैं। भविष्य में अगर सिक्के को वापस बेचना हो (Buy-Back), कोई शिकायत दर्ज करानी हो, या बदलना हो, तो आपको उस ब्रांड या ज्वेलर के पास जाना होगा जिसने वह सिक्का बनाया है। बिल संभालकर रखें। ऑर्डर करने से पहले सेलर की जानकारी चेक करें। यह सुनिश्चित करें कि आपके पक्के बिल (Invoice) पर ज्वेलर का नाम, सिक्के का सही वजन, शुद्धता का स्तर और खरीदारी की तारीख साफ-साफ लिखी हो।

अलग-अलग ऐप्स पर कीमतों की तुलना करें

एक ही ब्रांड का सोने या चांदी का सिक्का अलग-अलग ई-कॉमर्स ऐप्स पर अलग-अलग कीमतों पर मिल सकता है। खरीदारी से पहले 2-3 प्रमुख ऐप्स पर सिक्के का रेट चेक करें। बैंक डिस्काउंट, प्रोमो कोड और कैशबैक ऑफर्स की शर्तों को ध्यान से पढ़ें। यह देख लें कि आपके शहर या पिन कोड पर कौन-सा ऑफर लागू हो रहा है, ताकि आपको सबसे सही कीमत मिल सके।

रिटर्न पॉलिसी और रीसेल (बिक्री) के नियम समझें

अधिकांश ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर सोने-चांदी के सिक्कों के लिए सामान्य रिटर्न पॉलिसी लागू नहीं होती है। अगर आपको मिला सामान टूटा-फूटा, नकली या अलग निकलता है, तो तुरंत प्लेटफॉर्म को इसकी जानकारी दें। पैकेट खोलते समय वीडियो बनाएं और तस्वीरें संभालकर रखें। भविष्य में जब आप इस सिक्के को बाजार में बेचने जाएंगे, तो ज्वेलर उस समय के तत्कालीन रेट के हिसाब से ही भुगतान करेगा, जो आपकी खरीदारी की कीमत से कम या ज्यादा हो सकता है।

समझदारी भरी खरीदारी ही असली बचत है

ऑनलाइन शॉपिंग ने त्योहारी खरीदारी को बेहद आसान बना दिया है, लेकिन हड़बड़ी में लिया गया फैसला नुकसान पहुंचा सकता है। शुद्धता की जांच, रेट्स की तुलना, ज्वेलर की प्रामाणिकता और बिल को सुरक्षित रखकर आप अपनी दिवाली की खरीदारी को सुरक्षित और लाभदायक बना सकते हैं।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article