ITR Filing: टैक्सपेयर्स ने बनाया रिकॉर्ड, अंतिम दिन टूट पड़े लोग, गदगद हुई सरकार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 2, 2022, 10:13 AM IST

ITR Filing Online 2021-22 on eportal.incometax.gov.in: आयकर विभाग ने सभी करदाताओं से अपने आईटीआर को जल्द से जल्द ई-सत्यापित करने का अनुरोध किया है। जो करदाता अंतिम तिथि से चूक गए हैं, विभाग ने उन करदाताओं से भी तुरंत अपनी फाइलिंग को पूरा करने का आग्रह किया है।

ITR Filing: टैक्सपेयर्स ने बनाया रिकॉर्ड, अंतिम दिन टूट पड़े लोग, गदगद हुई सरकार
Photo Credit: BCCL

ITR Filing Online 2021-22: इनकम टैक्स रिटर्न (Income Tax Return) फाइल करने में एक नया रिकॉर्ड बना है। 31 जुलाई 2022, यानी रविवार को एक दिन में सबसे ज्यादा आयकर रिटर्न फाइल किए गए क्योंकि सरकार ने इसके लिए डेडलाइन को आगे नहीं बढ़ाया। आकलन वर्ष 2022-23 के लिए आखिरी दिन 72.42 लाख से भी ज्यादा आईटीआर दाखिल किए गए। नियत तारीख तक लगभग 5.83 करोड़ आईटीआर दाखिल हुए हैं। 

इसके अलावा, ई-फाइलिंग पोर्टल ने 31 जुलाई को कुछ और बेंचमार्क भी सेट किए हैं - आईटीआर फाइलिंग की उच्चतम प्रति सेकंड दर 570 (शाम 4:29:30 बजे), आईटीआर फाइलिंग की उच्चतम प्रति मिनट दर: 9,573 (शाम 7:44 बजे) और आईटीआर फाइलिंग की उच्चतम प्रति घंटा दर: 5,17,030, शाम 5 बजे से शाम 6 बजे के बीच।

शुरुआत में धीमी थी फाइलिंग की स्पीड
वित्त मंत्रालय ने कहा कि, 'शुरुआत में ई-फाइलिंग की गति धीमी थी, आकलन वर्ष 2022-23 के लिए पहले 1 करोड़ आईटीआर 7 जुलाई 2022 तक दाखिल किए गए थे। 22 जुलाई 2022 तक लगभग 2.48 करोड़ रिटर्न फाइल किए जाने के साथ ही गति में थोड़ी वृद्धि हुई। केंद्र सरकार ने ऐसान किया था कि नियत तारीख को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा, जिसके बाद इसकी गति में वृद्धि आई और 25 जुलाई 2022 तक 3 करोड़ आईटीआर दाखिल हुए।'

31 जुलाई 2022 को दिन के अंत तक, 72.42 लाख आईटीआर दाखिल किए गए, जिसने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। इससे पहले 2019 में एक दिन में सबसे ज्यादा 49 लाख आईटीआर फाइल करने का रिकॉर्ड था। वित्त मंत्रालय ने कहा कि अकेले जुलाई महीने में ही 5.13 करोड़ से ज्यादा आईटीआर दाखिल हुए हैं।

End of Article