इस बैंक में है अकाउंट? तो अगले महीने से रिजेक्ट हो सकता है आपका चेक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 8, 2022, 03:06 PM IST

Bank of Baroda: 50,000 रुपये और उससे ज्यादा के चेक के लिए पॉजिटिव पे प्रदान किया जा सकता है। लेकिन ग्राहकों के लिए 50,000 रुपये और उससे अधिक लेकिन 4,99,999.99 रुपये तक के चेक के लिए यह वैकल्पिक है।

इस बैंक में है अकाउंट? तो अगले महीने से रिजेक्ट हो सकता है आपका चेक

नई दिल्ली। बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda) के ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। अगले महीने यानी 1 अगस्त 2022 से बैंक ऑफ बड़ौदा चेक से जुड़ा एक अहम नियम बदलने जा रहा है। बैंक ने 5 लाख रुपये या उससे ज्यादा के अमाउंट वाले चेक के पेमेंट के लिए पॉजिटिव पे सिस्टम (Positive Pay System) अनिवार्य कर दिया है। यानी आपको चेक क्लियर होने से पहले ऑथेंटिकेशन के लिए बैंक को चेक के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी की इलेक्ट्रॉनिक रूप से पुष्टि करनी होगी। 

बैंक को देनी होगी जानकारी
अगले महीने से ग्राहकों को लाभार्थियों को चेक देने से पहले उसकी मुख्य जानकारी बैंक को देनी होगी, ताकि बैंक बिना किसी पुन: पुष्टि कॉल के ज्यादा मूल्य के चेक पास कर सकें। बैंक ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। इसका मतलब है कि अगर पॉजिटिव पे कंफर्मेशन नहीं होता है, तो 1 अगस्त से 5 लाख रुपये या इससे ज्यादा के मूल्यों के लिए जारी किए गए चेक क्लियरिंग या इंटरसोल में वापस कर दिए जाएंगे।

देनी होगी ये जानकारी
इसके साथ ही बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने ग्राहकों से यह भी कहा है कि वे कई तरीकों से पॉजिटिव पे कंफर्मेशन कर सकते हैं- बॉब वर्ल्ड (मोबाइल बैंकिंग), नेट बैंकिंग, कॉल सेंटर या भारत में किसी भी बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में जाकर। इसकी पुष्टि करने के लिए 6 अनिवार्य जानकारी प्रदान करनी होगी- चेक की तारीख, प्राप्तकर्ता का नाम, ट्रांसफर की जाने वाली राशि, अकाउंट नंबर, चेक नंबर और ट्रांजैक्शन कोड।

सिर्फ इस शर्त पर क्लियर होगा चेक
अगर प्रदान की गई जानकारी सीटीएस क्लियरिंग (CTS clearing) में जमा किए गए चेक से मेल खाती हैं, सिर्फ तभी आपका चेक क्लियर किया जाएगा।

End of Article