चंदौली में पुलिस से भिड़े सपा कार्यकर्ता, विधायक ने डिप्टी एसपी के चेहरे पर सिर से किया वार, Video

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 6, 2021, 11:18 AM IST

SP MLA Prabhu Narayan Singh Yadav : पुलिस का कहना है कि इस प्रदर्शन के लिए कोई इजाजत नहीं ली गई थी। सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई की जा रही है।

चंदौली (उत्तर प्रदेश) : उत्तर प्रदेश के चंदौली में प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता रविवार को पुलिस से भिड़ गए। सपा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव पुलिसकर्मियों से हाथापाई करते नजर आए। यही नहीं उन्होंने डिप्टी एसपी अनिरूद्ध सिंह के चेहरे पर अपने सिर से वार किया। सपा कार्यकर्ता चाहनियां में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन देने जा रहे थे इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोका तो वे पुलिसकर्मियों से भिड़ गए। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। 

अनुराग ठाकुर ने शेयर किया वीडियो

पुलिस का कहना है कि इस प्रदर्शन के लिए कोई इजाजत नहीं ली गई थी। सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस से भिड़त का वीडियो केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शेयर किया है। ठाकुर ने पूछा है कि अखिलेश यादव यूपी की जनता से कहते नहीं थक रहे, आ रहा हूं। …क्या यूपी में यही गुंडाराज, माफियाराज लाने के आप आना चाहते हैं? इस घटना पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 'लाल टोपी पहनने वालों ने अपनी ट्रेनिंग की एक झलक दिखाई है।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!