Google search results 2020: गूगल सर्च में छाया रहा टिड्डियों का हमला, देश के इन राज्यों में जमकर बरपाया था कहर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 9, 2020, 06:50 PM IST

Google search results 2020: साल 2020 में टिड्डियों के हमलों ने देशवासियों को बेहद परेशान किया और कई राज्यों में जमकर कहर बरपाया। ऐसे में टिड्डियों से संबंधित जानकारियां इस साल गूगल सर्च में छाई रहीं।

Google search results 2020: गूगल सर्च में छाया रहा टिड्डियों का हमला, देश के इन राज्यों में जमकर बरपाया था कहर
Photo Credit: PTI

भारत एक ओर कोरोनावायरस महामारी से जूझ रहा था वहीं दूसरी ओर साल 2020 में टिड्डी दलों ने भारत के पश्चिमी इलाकों में जोरदार आक्रमण किया था। यह आक्रमण भारत के दर्जनों जिलों में देखने को मिला था जिससे फसलों को भी काफी नुकसान हुआ। टिड्डियों के इस आक्रमण से भारत के पड़ोसी देश भी नहीं बच पाए थे। आंकड़ों के अनुसार राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे राज्य टिड्डियों के इस आक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए थे। 

साल 2020 में टिड्डियों का हमला

साल 2020 के पहली छमाही में ही भारत के कई बड़े हिस्सों में टिड्डियों का बड़ा झुंड देखा गया था। इन टिड्डियों ने भारत को और भी ज्यादा मूसीबत में डाल दिया था जो पहले से ही कोरोना वायरस की गंभीर समस्या से परेशान था। टिड्डियों का झुंड इतना विशाल था कि यह जिस भी शहर में जाता, वहां का आसमान ढक जाता। लोग इन टिड्डियों की वजह से अपनी छतों और बालकनियों में भी निकलने से डरते थे। हरियाणा जैसे राज्यों ने तो इन टिड्डियों से निपटने के लिए बकायदा एक अभियान चलाया जिसमें इन्हें नष्ट करने के लिए भारी मात्रा में कीटनाशकों का भी इस्तेमाल किया। साथ ही कई स्थानों पर फायर टेंडर भी लगाए गए, जिससे इनके हमलों को कम किया जा सके और इन्हें अधिक मात्रा में मारा जा सके।

फसलों को पहुंचाती हैं भारी नुकसान

टिड्डियां फसलों को भारी नुकसान पहुंचाती हैं जिसकी वजह से किसान इनसे सबसे ज्यादा त्रस्त रहते हैं। ये टिड्डियां झुंड में अंडे देने निकलती हैं क्योंकि उन्हें किसी रेगिस्तान या समतल भूमि की तलाश रहती है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यह जीव हजारों किलो मीटर का फासला तय कर सकते हैं। राजस्थान सरकार के अनुसार उनके राज्य में इन जीवों ने तकरीबन 33 प्रतिशत तक फसलों को नुकसान पहुंचाया था। हालांकि, हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश,उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड जैसे राज्यों ने अपने यहां फसलों का नुकसान 33% से कम बताया था।

कैसा जीव होती हैं टिड्डियां

टिड्डी एक ऐसा जीव होता है जो फतिंगो की तरह झुंड में हमला करता है। यह सबसे ज्यादा फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। हालांकि, झुंड में सैकड़ों किलोमीटर तक उड़ने का इनका मुख्य उद्देश्य अंडे देने के लिए खाली जमीन खोजना होता है। आम तौर पर देखा गया है कि टिड्डियां एक जगह पर ज्यादा देर तक रुक के नहीं रहती हैं। यह अपनी जगह बदलती रहती हैं। टिड्डियां कभी-कभी 81 मील से भी ज्यादा की यात्रा कर लेती हैं और बहुत अधिक फसलों को नुकसान पहुंचाती हैं। इनके भारी आक्रमण से अक्सर भुखमरी और अकाल जैसी समस्याएं पैदा हो जाती हैं। यही कारण है कि इनका आक्रमण हमेशा से चिंता जनक बना रहता है।
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!