Chand Nawab Video: फिर लौट आए हैं चांद नवाब, राष्ट्रपति का लिया ऐसा इंटरव्यू कि वीडियो हो गया वायरल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 18, 2021, 10:14 AM IST

पाकिस्तान के चर्चित रिपोर्टर चांद नवाब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी का इंटरव्यू लेते हुए दिख रहे हैं।

Chand Nawab Video: फिर लौट आए हैं चांद नवाब, राष्ट्रपति का लिया ऐसा इंटरव्यू कि वीडियो हो गया वायरल

नई दिल्ली: पाकिस्तानी पत्रकार चांद नवाब किसी परिचय के मोहताज नहीं है। कुछ साल पहले उनका एक वीडियो इस कदर वायरल हुआ था कि उस सीन को बॉलीवुड की एक फिल्म में जगह मिल गई थी और सलमान खान की फिल्म बजरंगी भाईजान में चांद नवाब के किरदार को अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्धीकी ने निभाया था। अब चांद नवाब फिर से सुर्खियों में हैं और उनका एक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो पाकिस्तानी राष्ट्रपति आरिफ अल्वी का इंटरव्यू ले रहे हैं।

लिया पाक राष्ट्रपति का इंटरव्यू

इस वीडियो को सोशल मीडिया पर खूब पसंद भी किया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि चांद नवाब एक गोल्फ ग्राउंड पर खड़ें और रिपोर्टिंग का वहीं चिर परिचित पुराना अंदाज हैं। इस दौरान वो पाकिस्तान राष्ट्रपति आरिफ अल्वी से सवाल करते हुए कहते हैं, ‘हमारे साथ मौजूद हैं सद्र ए पाकिस्तान डॉक्टर आरिफ अल्वी साहब। जो आज इतवार के दिन गोल्फ भी खेल रहे हैं और इंजॉय कर रहे हैं। क्या कहेंगे सद्र साहब?’

सुर्खियों में आए चांद

चांद नवाब के इस सवाल के जवाब में आरिफ अल्वी कहते हैं, ‘बस मैं समझता हूं कि, आपको मुबारक हो, पाकिस्तान जिस अंदाज से तरक्की कर रहा है, तो उसके अंदर... मैं समझता हूं कि सबका दिल, सबका दिमाग उसमें लगा हुआ है।’इतना कहकर आरिफ अल्वी वहां से आगे गोल्फ खेलने निकल जाते हैं। बस फिर क्या था यही वीडियो सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा और चांद नवाब फिर से एक बार सुर्खियों में आ गए।

नायला इनायत ने शेयर किया वीडियो

पाकिस्तानी मूल की पत्रकार नायला इनायत ने इस वीडियो को अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। इस वीडियो को लोग जमकर रिट्वीट कर रहे हैं औऱ कमेंट्स भी कर रहे हैं। अभी तक करीब 13 हजार लोग इसे देख चुके हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'बड़ी शानदार तरक्की हो रही है? देश कर्ज के जाल में फंसता जा रहा है, महंगाई कमरतोड़ तरीके से बढ़ रही है और इन भाईसाहब को तरक्की दिख रही है।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!