Neem Tree's Birthday:पिछले 26 सालों से मनाया जा रहा है नीम के एक पेड़ का जन्मदिन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 23, 2020, 02:33 PM IST

Neem Tree's Birthday Celebrate in Bhopal: आपने वृक्षारोपण के बारे में तो खूब सुना होगा लेकिन भोपाल में एक नीम के पेड़ का जन्मदिन (Birthday) बकायदा धूमधाम से मनाया जाता है।

Neem Tree's Birthday:पिछले 26 सालों से मनाया जा रहा है नीम के एक पेड़ का जन्मदिन

भोपाल: कहते हैं कि पेड़ पौधे हमारी धरा की वो अनमोल धरोहर है जिनके बिना धरती की कल्पना ही बेमानी है, लेकिन इसके बाद भी जंगलों की अंधाधुंध कटाई जारी है और लोग अपने चंद स्वार्थ में अंधे होकर पेड़ों का दोहन कर रहे हैं, वहीं धरती पर तमाम प्रकृतिप्रेमी ऐसे भी हैं जो पेड़ और जंगल दोनों के संरक्षण के लिए एकजुट हैं और मिलकर इस दिशा में प्रयास जारी रखे हैं।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के भेल इलाके के पिपलानी स्थित आदर्श मार्केट के दुकानदार पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए पिछले 26 सालों से नीम के एक पेड़ का जन्मदिन (Birthday) मनाते हैं।आदर्श मार्केट परिसर स्थित इस पेड़ का जन्मदिन 21 जून को प्रति वर्ष अधिकारियों एवं पास के स्कूली बच्चों की मौजूदगी में दुकानदार धूमधाम से मनाते आ रहे हैं।

इस साल कोरोना वायरस महामारी के कारण सामाजिक मेल जोल से दूरी सहित तय किये गये अन्य दिशा निर्देशों के कारण इस पेड़ का जन्मदिन सादगीपूर्ण तरीके से मनाया गया। मध्यप्रदेश शासन के उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला ने बताया, 'मैं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति के संरक्षण में काफी विश्वास करता हूं। इसलिए मैं पिछले 16 साल से लगातार इस आयोजन में भाग लेता आ रहा हूं।' शुक्ला के अलावा इस आयोजन में रविवार को भोपाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक उपेन्द्र जैन और भोपाल नगर निगम आयुक्त वी एस चौधरी कोलसानी भी मौजूद थे।

जन्मदिन के मौके पर पेड़ को खूब अच्छे से सजाया गया

इस पेड़ के जन्मदिन के मौके पर पेड़ को इस तरह से सजाया गया, जैसे बच्चों के जन्मदिन पर हम अपने घर को सजाते हैं। इसके बाद, शुक्ला ने दुकानदारों एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में इस पेड़ का जन्मदिन मनाने के लिए केक काटा। इस पेड़ को लगाने एवं इसका जन्मदिन मनाने का विचार सबसे पहले इस आदर्श मार्केट के एक दुकानदार रामबाबू शर्मा के दिमाग में आया था। वर्तमान में वह आदर्श मार्केट का संरक्षक होने के साथ- साथ बीएचईएल (भेल) व्यापारी महासंघ का अध्यक्ष भी हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!